आंखों में डाली मिर्च पाउडर, फिर लाठी-डंडों से पीटा, दिल्ली पुलिस पर जानलेवा हमला, कई घायल

Attack on Delhi Police: दिल्ली पुलिस के ऊपर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मियों को चोट आई है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Attack on Delhi police

दिल्ली में पुलिस पर हमला

Attack on Delhi Police: देश की राजधानी दिल्ली में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग पुलिसकर्मियों को बुरी तरह से मार रहे हैं. दिल्ली में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, पुलिस ने मारपीट करने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है. पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा भी है, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.

जानकारी के अनुसार, घटना 22 अगस्त की दोपहर की है. जहां मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में बीट स्टाफ हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश पेट्रोलिंग करने पहुंचे थे. इस दौरान पुलिस ने जांच के दौरान एक बाइक को जब्त कर लिया. पुलिस के अनुसार बाइक का कोई भी वैध डॉक्यूमेंट्स नहीं था.

बाइक जब्त करने पर हुआ विवाद

पुलिस ने जब बाइक को थाने में जमा कर लिया, तो बाइक मालिक भड़क गया. कुछ ही देर बाद बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग विरोध करने पहुंच गए. इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच वाद-विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया.

घायलों का इलाज जारी

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर ईंट-डंडों से हमला कर दिया. पुलिसकर्मियों पर हमला देखते हुए हेड कॉन्स्टेबल टीनू मदद के लिए पहुंच गए. इस दौरान आरोपियों ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया. जिसमें उन्हें भी चोट आई है. फिलहाल, सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ये भी पढ़ेंः जंतर-मंतर पर आरक्षण हटाओ आंदोलन, इन 5 मांगों को लेकर मैदान में उतरे प्रदर्शनकारी

गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश

इस घटना के बाद दिल्ली में हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सुनील पर पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह इलाके का बदमाश है. फिलहाल, पुलिस की टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है.

ज़रूर पढ़ें