मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, दिल्ली में कांग्रेस का EC के बाहर प्रदर्शन; पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की झड़प
दिल्ली में EC के सामने कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन.
Meenakshi Natarajan Nomination Cancelled: मध्य प्रदेश में राज्यसभा के लिए तीसरी सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज कर दिया गया है. इसके साथ ही कांग्रेस का भोपाल से लेकर दिल्ली तक प्रदर्शन हो रहा है. दिल्ली में इलेक्शन कमीशन के बाहर वेणुगोपाल, सचिन पायलट, जयराम रमेश समेत कई नेता धरना प्रदर्शन पर बैठे हैं. भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात है. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी देखी गई. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हमारे प्रत्याशी पर कोई भी केस दर्ज नहीं है. लेकिन ये लोकतंत्र में खुलेआम तानाशाही की जा रही है.
‘ये तानाशाही, हम फैसले के खिलाफ कोर्ट जाएंगे’
वहीं पूरे मामले पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने नामांकन रद्द होने पर बीजेपी पर जमकर हमला बोला. पायलट ने कहा, ‘देश के लोकतांत्रिक इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है. हमारे प्रत्याशी पर कोई भी केस दर्ज नहीं है. लेकिन तानाशाही करके नामांकन रद्द कर दिया गया है. हमने 2 घंटे पहले सूचना दे दी थी. लोकतंत्र में जो हम सीट जीत रहे थे, उसका नामांकन खारिज कर दिया गया है. लोकतंत्र में हमारी आवाज सुनने वाला कोई नहीं है. तो हम कोर्ट में आवाज सुनाएंगे. चुनाव चल रहा है और इलेक्शन कमीशन में ताले लगे हुए है. राज्यसभा के चुनाव के इतिहास में ये पहली बार है, जब सिर्फ एक नोटिस पर प्रत्याशी का नामांकन रद्द हुआ हो. जबकि कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं थी. जब तक हमारी बात को सुना नहीं जाता है. तब तक हम यहां से नहीं हटेंगे.’
शिफ्टिंग से पहले नामांकन रद्द
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट पर बीजेपी ने प्रत्याशी उतारा था. लेकिन बीजेपी के पास तीसरी सीट जीतने के लिए संख्या बल मौजूद नहीं था. ऐसे में कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर था. इसके लिए कांग्रेस अपने विधायकों को बेंगलुरू भेज रही थी. लेकिन इसके पहले कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया गया.