बीजेपी का मिशन राज्यसभा: इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान TMC के सांसद का इस्तीफा, MP में तीसरी सीट पर BJP उम्मीदवार से विपक्षी खेमे में हड़कंप
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक.
Rajya Sabha Election: दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित इंडिया गठबंधन की अहम बैठक में BJP के “मिशन राज्यसभा” के ऊपर विशेष चर्चा हुई है. दरअसल जिस वक्त ममता बनर्जी दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक में हिस्सा ले रही थीं, उसके ऐन पहले TMC के राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर में इस्तीफा दे दिया. यही नहीं, मध्य प्रदेश में भी राज्यसभा की जिस तीसरी सीट को कांग्रेस अपना नैसर्गिक दावा मानकर चल रही थी, उस पर भी बीजेपी ने महेश केवट को उम्मीदवार बनाकर माहौल को गरमा दिया.
राज्यसभा में कमजोर होता विपक्ष
बीते दिनों में बीजेपी ने जिस ढंग से राज्यसभा सीट को लेकर अपना आक्रामक रूख अख्तियार किया है, उससे कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों में हड़कंप वाली स्थिति बनी हुई है. क्योंकि, बीजेपी के कई महत्वपूर्ण वादे और फाउंडेशनल इंटेंट राज्यसभा में सीटों की कमी के चलते मुकम्मल नहीं हो पा रहे हैं. ऐसे में बीजेपी के रणनीतिकार लोकसभा के साथ-साथ राज्यसभा की सीटों पर भी फुल दबदबा कायम करने की मुहिम में जुटे हैं.
इधर इंडिया गठबंधन की बैठक में बीजेपी के इस मंसूबे पर खास चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक ममता बनर्जी ने बैठक में बीजेपी पर मैंडेट लूटने का आरोप लगाते हुए सहयोगी दलों से चर्चा की. वही कई नेताओं ने राज्यसभा में कमजोर होते विपक्ष की साख को आने वाले बड़े खतरे की ओर इशारा किया है.
कुनबे को बचाना विपक्ष के लिए बड़ी चुनौती
बीजेपी के कोर इशू में शुमार ‘एक देश, एक चुनाव’, जनसंख्या नियंत्रण संबंधी कानून, संविधान संशोधन विधेयक (महिला आरक्षण), परिसीमन से संबंधित संवैधानिक संशोधन, न्यायपालिका और चुनाव आयोग से जुड़े बड़े मुद्दे राज्यसभा में कम संख्या बल के चलते अटके हुए हैं . ऐसे में बीजेपी की कोशिश इस कमजोर कड़ी को साधने की है. जबकि विपक्ष बीजेपी के मंसूबे को भांपते हुए अपने किले और कुनबे को बचाने की चुनौती से जूझ रहा है. अब विपक्ष को दोबारा इंडिया गठबंधन की एकजुटता से ही आखिरी उम्मीद दिखाई दे रही है. लेकिन, कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी के निजी स्वार्थ गठबंधन धर्म की सियासत को नुकसान पहुंचा रहे हैं. इंडिया गठबंधन की बैठक में कांग्रेस को बड़ा दिल दिखाने की भी छोटे दलों ने नसीहत दे डाली है .
ये भी पढे़ं: सुखेंदु शेखर रॉय ने छोड़ा ममता का साथ, इंडिया ब्लॉक की मीटिंग से पहले TMC को फिर लगा झटका