परिसीमन बिल पास कराने के लिए सीटों का महा-गणित, यहां समझिए सरकार कैसे जुटाएगी दो-तिहाई बहुमत

सरकार को अगर परिसीमन बिल पास करना है तो लोकसभा और राज्यसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाना पड़ेगा. ये कैसे होगा इसके बारे में विस्तार न्यूज के एडिटर-इन-चीफ ज्ञानेंद्र तिवारी ने गणित समझाया है.
delimitation bill

सरकार ने जब से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद के विशेष सत्र का आवाहन किया है, तभी से ही सियासी गलियारों में माहौल गर्म है. केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है. इसे लेकर दिल्ली में बैठकों का दौर जारी है. वहीं दूसरी तरफ इंडिया ब्लॉक के नेता भी लगातार परिसीमन बिल (Delimitation) विरोध की तैयारी करने में जुटे हुए हैं. लेकिन सबसे अहम सवाल है कि यह बिल पास कराने के लिए सरकार को लोकसभा और राज्यसभा, दोनों ही सदनों में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है.

दो-तिहाई बहुमत कैसे जुटाएगी सरकार

अब सरकार ये परिसीमन बिल (Delimitation) पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत कैसे जुटाएगी, इसके बारे में विस्तार न्यूज के एडिटर-इन-चीफ ज्ञानेंद्र तिवारी ने ‘सीधे मुद्दे की बात’ में पूरा गुणा-गणित समझाया है. दरअसल भारतीय जनता पार्टी के पास सीधे तौर पर बिल पास कराने का बहुमत नहीं है. यही वजह है कि बीजेपी को अपने सहयोगियों का साथ लेना पड़ेगा.

लोकसभा में बहुमत के आंकड़े का हिसाब

पहले लोकसभा में सीटों का हिसाब समझते हैं. लोकसभा की कुल 543 सीटों में से फिलहाल 3 सीटें खाली हैं, इसी वजह से लोकसभा में अभी 540 सांसद हैं. इनमें से 320 सांसद NDA गठबंधन के हैं और 183 सांसद इंडिया गठबंधन के हैं. वहीं 37 सांसद अलग-अलग दलों से हैं. अब बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई वोटों की जरूरत है और 543 का दो-तिहाई यानी कि 360 मतों की जरूरत है.

अगर इन पार्टियों ने किया सपोर्ट तो राह आसान

अब 360 में से 320 सांसद एनडीए के पास पहले से हैं, ऐसे में 40 और सांसदों की जरूरत है. अब स्टालिन की पार्टी डीएमके ने इस बिल का समर्थन किया है, तो लोकसभा में डीएमके के 22 सांसदों का साथ भी एनडीए को मिल जाएगा. इसके बाद 4 सांसद YSRCP के भी लोकसभा में हैं और ये भी बिल को समर्थन दे सकते हैं. इसके अलावा 4 निर्दलीय सांसदों को भी भाजपा अपने पाले में लाने की पूरी कोशिश कर रही है.

वहीं शरद पवार की NCP(SP) के 8 सांसदों का भी इस बिल को समर्थन मिल सकता है. उधर आरजेडी के सुरेंद्र प्रताप यादव ने परिसीमन बिल का समर्थन कर दिया है. इन सभी को जोड़ा जाए तो सांसदों की संख्या हो जाएगी 359, लेकिन अभी भी बहुमत का आंकड़ा छूने के लिए एनडीए को एक सांसद की जरूरत है और यही देखना दिलचस्प होगा कि वह एक सांसद कौन होता है जो इस बिल का समर्थन करता है.

राज्यसभा में बहुमत के आंकड़े का हिसाब

राज्यसभा में कुल 243 सीटें हैं, जिसमें से 151 सीटें एनडीए के पास हैं और 64 सांसद इंडिया गठबंधन के पास हैं और 28 सीटें अन्य नेताओं के पास हैं. यहां भी परिसीमन बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा चाहिए और राज्यसभा में दो-तिहाई का आंकड़ा 162 है, जो एनडीए को जुटाना पड़ेगा.

कैसे मिलेगा बहुमत?

अब सीटों का गणित देखा जाए तो राज्यसभा में बहुमत के लिए एनडीए को 11 सांसदों की जरूरत है क्योंकि एनडीए के पास 151 सीटें पहले ही हैं. अब अगर राज्यसभा में भी डीएमके का समर्थन एनडीए को मिलता है, तो बहुमत का आंकड़ा और करीब हो जाएगा. राज्यसभा में डीएमके के 8 सांसद हैं. उधर, YSRCP के भी राज्यसभा में चार सांसद हैं और अगर इनका समर्थन एनडीए को मिल जाता है, तो बहुमत का आंकड़ा मिल जाएगा और राज्यसभा में परिसीमन बिल पास हो जाएगा.

ज़रूर पढ़ें