‘शरद पवार की विचारधारा से समझौता न हो’, रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को क्यों लिखी चिट्ठी

Delimitation Bill: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने  सुप्रिया सुले को एक पत्र लिखकर परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील की है
Rohit Pawar Supriya Sule

रोह‍ित पवार-शरद पवार-सुप्र‍िया सुले

Delimitation Bill: महाराष्ट्र की राजनीति में परिसीमन बिल को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भीतर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं. पार्टी विधायक रोहित पवार ने सांसद सुप्रिया सुले को एक पत्र लिखकर इस विधेयक का विरोध करने की अपील की है. उन्होंने साफ कहा है कि पार्टी अगर इस बिल का समर्थन करती है तो इससे शरद पवार की वर्षों पुरानी राजनीतिक विचारधारा और उनकी विरासत को नुकसान पहुंच सकता है.

रोहित पवार ने अपने पत्र में लिखा कि शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं है. फिलहाल वह नीतिगत फैसले लेने की स्थिति में नहीं हैं. ऐसे समय में उनकी गैरमौजूदगी में पार्टी की तरफ से कोई ऐसा फैसला नहीं होना चाहिए, जो उनके छह दशक के राजनीतिक सफर और विचारों पर सवाल खड़े करे. उन्होंने सुप्रिया सुले से अपील की कि वह पार्टी के सांसदों को इस बिल के खिलाफ मतदान करने के लिए कहें.

फुले-अंबेडकर की विचारधारा का दिया हवाला

रोहित पवार ने अपने पत्र में महात्मा ज्योतिबा फुले, राजर्षि शाहू महाराज और डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा का जिक्र किया. उनका कहना है कि शरद पवार ने हमेशा सामाजिक न्याय और प्रगतिशील राजनीति को आगे बढ़ाया है. ऐसे में परिसीमन बिल का समर्थन करना पार्टी के पुराने सिद्धांतों से पीछे हटने जैसा होगा.

बीजेपी पर भी साधा निशाना

रोहित पवार ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह परिसीमन और महिला आरक्षण को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ रही है, जबकि दोनों मुद्दों को अलग-अलग लागू किया जा सकता है. उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार की मंशा साफ है तो परिसीमन आयोग की जिम्मेदारी विपक्ष को क्यों नहीं दी जाती?

रोहित ने यह भी कहा कि बिल को समर्थन देने की चर्चाओं से पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं और प्रगतिशील विचारों को मानने वाले लोगों में नाराजगी है. उन्होंने सुप्रिया सुले से सार्वजनिक रूप से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें