कंझावला से दिल्‍ली यूनिवर्सिटी की सियासत तक! कौन हैं यश डबास? अब बने DUSU अध्यक्ष

who is yash dabas: टेनिस कोर्ट से छात्र राजनीति तक का सफर तय करने वाले यश डबास अब दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के नए अध्यक्ष हैं. ABVP के यश ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है.
yash dabas

यश डबाश

yash Dabas: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ यानी DUSU को देश के चर्चित छात्रसंघ चुनावों में गिना जाता है. इस बार अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के बाद यश डबास अचानक सुर्खियों में आ गए हैं. यश दिल्ली के बाहरी इलाके कंझावला के रहने वाले हैं. छात्र राजनीति से उनका पुराना नाता है. ABVP से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने कैंपस से जुड़े मुद्दों पर काम किया. यही वजह है कि उन्हें 2026 के चुनाव में अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया था, जिसमें उन्‍होंने शानदार जीत दर्ज की है.

यश ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज (SGTB Khalsa) से ग्रेजुएशन किया है. बाद में उन्‍होंने LL.B की पढ़ाई पूरी की. फिलहाल वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के बौद्ध अध्ययन विभाग से मास्टर्स कर रहे हैं.

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं टेनिस

राजनीति में आने से पहले यश की एक अलग पहचान टेनिस खिलाड़ी के तौर पर भी रही है. उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर से ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में हिस्सा लिया. इसके अलावा वह भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ऑस्ट्रेलिया, स्पेन और सर्बिया में ITF प्रतियोगिताओं में भी खेल चुके हैं. CBSE नेशनल्स और दूसरे राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में भी उनकी भागीदारी रही है.

छात्र सुरक्षा को बनाया बड़ा मुद्दा

चुनाव प्रचार के दौरान यश ने छात्रों से जुड़े कई मुद्दे उठाए थे. इनमें खास तौर पर छात्राओं की सुरक्षा, PG और हॉस्टल की सुरक्षा, CCTV कैमरे और बेहतर रहने की सुविधाएं शामिल रहीं हैं. उन्होंने कॉलेजों और गर्ल्स हॉस्टल के आसपास पिंक बूथ और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही थी. उनके एजेंडे में PG और हॉस्टल का सेफ्टी ऑडिट भी शामिल रहा है.

चुनाव से पहले मार्कशीट को लेकर भी विवाद

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार बनने के बाद यश की कथित मार्कशीट सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थी. इसको लेकर सवाल उठे, हालांकि ABVP ने इसे दुष्प्रचार बताया था, विवाद के बीच यश चुनाव मैदान में डटे रहे और आखिरकार अध्यक्ष पद जीत लिया. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में किस तरह से द‍िल्‍ली यूनिवर्सिटी में चल रही समस्‍याओं का कैसे समाधान करते हैं.

ये भी पढ़ें:DUSU चुनाव में खुली NSUI की पोल! कौन हैं दीपांशु शौकीन जिन्‍होंने बगावत के बाद जीता चुनाव

DUSU चुनाव में अध्यक्ष समेत 3 पदों पर ABVP का कब्जा, एक पर निर्दलीय की जीत, NSUI का सूपड़ा साफ

ज़रूर पढ़ें