Naxal Encounter: झारखंड के चाईबासा में नक्सल और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, सुबह 10 बजे से चल रही फायरिंग
पुलिस-नक्सल मुठभेड़
Naxal Encounter: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई. जानकारी के मुताबिक, छोटा नागरा इलाके में यह भिड़ंत कुख्यात नक्सली नेता मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हुई, जिसमें सुबह करीब 10 बजे से रुक-रुक कर दोनों ओर से फायरिंग जारी है. बताया जा रहा है कि भाकपा (नक्सल) संगठन में गणपति के बाद अब मिसिर बेसरा ही पोलित ब्यूरो स्तर का प्रमुख नेता बचा है.
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ सामना
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबल पिछले कुछ दिनों से इलाके में नक्सलियों के खिलाफ बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रहे थे. इसी दौरान सीआरपीएफ की कोबरा 205 बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम जब जंगल में गश्त कर रही थी, तभी कैंप बदल रहे नक्सलियों से उनका सामना हो गया.
फायरिंग में जवान घायल
खुद को घिरता देख नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया, जिसे सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए भेजने की कोशिश जारी है.
नक्सलियों के हताहत होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि जवाबी कार्रवाई में कुछ नक्सलियों के मारे जाने या घायल होने की संभावना है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
अतिरिक्त बल तैनात
इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया है और अतिरिक्त बलों को भी मौके पर रवाना किया गया है. पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरतते हुए सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं. स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी.
ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ की अनोखी शादी! यहां दूल्हा उठाता है दुल्हन की शादी का पूरा खर्चा, जानें ‘उठवा बिहाव’ खास परंपरा