‘हबीबी कम टू रांची…’, राहुल गांधी से बोले प्रदर्शनकारी छात्र, JPSC में गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन जारी
राहुल गांधी
Ranchi Student Protest: झारखंड के रांची में JPSC, JSSC-CGL और दूसरी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. हालांकि, आज उन्होंने सोनम वांगचुक से वीडियो कॉल पर बात करने के बाद पानी पी लिया है, लेकिन अभी भी उनकी भूख हड़ताल जारी है. रांची में 12 दिनों से धरना पर बैठे छात्रों ने राहुल गांधी से ही सवाल कर दिया. छात्रों का कहना है कि राहुल गांधी NEET पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन अब झारखंड नहीं दिखाई दे रहा है. रांची के आंदोलन पर उन्होंने चुप्पी क्यों साध रखी है?
आंदोलन कर रहे छात्रों ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि अगर आप देशभर के छात्रों का मुद्दा उठाते हैं, तो यहां भी आइए. यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि निष्पक्ष परीक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए है. इस दौरान एक छात्र ने कहा, “हबीबी कम टू रांची.” यहां हबीबी का मतलब होता है, प्रिय, मेरे प्यारे या मेरे दोस्त. यह शब्द अपनापन वाला है.
12 दिनों से जारी है हड़ताल
छात्रों ने राहुल गांधी को तो रांची आने का संदेश दे दिया है. अब देखना यह होगा कि आखिर क्या राहुल गांधी छात्रों के प्रदर्शन में रांची जाएंगे. रांची में छात्र 12 दिनों से JPSC, JSSC-CGL और दूसरी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में बैठे हैं. 4 छात्र तो आमरण अनशन पर हैं. जिनसे आज एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने भी वीडियो कॉल पर बात की है.
ये भी पढ़ेंः सोनम वांगचुक से वीडियो कॉल पर बातचीत के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने पिया पानी, रांची में छात्रों का प्रदर्शन जारी
क्या बोली सरकार?
छात्रों के आंदोलन को लेकर हेमंत सरकार ने कहा कि दरवाजे सभी के लिए खुले हैं. अगर कोई सरकार से बात करना चाहता है, तो आकर बात कर सकते हैं और अपनी मांग रख सकते हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच एजेंसियां लगातार जांच कर कार्रवाई कर रही हैं. फिलहाल, यह मामला तूल पकड़ता ही जा रहा है.