SIR विवाद में विपक्ष का अगला दांव क्या? INDIA ब्लॉक की बैठक में बनी रणनीति

INDIA Bloc Meeting: SIR विवाद को लेकर INDIA ब्लॉक की अहम बैठक में चुनाव आयोग और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा हुई.
INDIA Bloc

इंड‍िया गठबंधन की बैठक

INDIA Alliance ECI SIR Strategy: देश की राजधानी दिल्‍ली में आज यानी 30 सितंबर को INDIA गठबंधन की बैठक आयोजित की गई. बैठक में कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए. चर्चा का मुख्य केंद्र चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, SIR को लेकर उठ रहे सवाल और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की रणनीति रहा है.

बैठक में विपक्षी दलों की ओर से ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए संसद में प्रस्ताव लाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. इसके लिए लोकसभा और राज्यसभा में नया नोटिस तैयार किए जाने की बात सामने आई है. विपक्षी दल SIR को लेकर संयुक्त आंदोलन की रणनीति पर भी सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक में चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई. इससे पहले कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भी खड़गे ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता करने की बात कही थी. साथ ही साथ मतदाता सूची में बदलाव से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करने और जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उन्हें अपील का अवसर देने की मांग की थी.

विपक्ष SIR के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है. कांग्रेस का दावा है कि बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं. पूरी प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए. दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने आंतरिक स्तर पर उठे सवालों को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया है.

बैठक में कौन-कौन हुआ शामिल?

बैठक में कांग्रेस के अलावा TMC, समाजवादी पार्टी, CPI, CPI(M), NCP (SP) और शिवसेना (UBT) समेत कई दलों के नेता शामिल हुए. हालांकि AAP और DMK बैठक से दूर रहे, जबकि अखिलेश यादव व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हुए और समाजवादी पार्टी की ओर से प्रतिनिधि भेजे गए.

विपक्ष निकालेगा डेमोक्रेसी मार्च

INDIA ब्लॉक की इस बैठक से साफ है कि SIR और चुनाव आयोग का मुद्दा फिलहाल विपक्ष की संयुक्त राजनीतिक रणनीति के केंद्र में बना हुआ है.मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 2-8 अक्टूबर तक हर जिले में सेव डेमोक्रेसी मार्च होगा. खड़गे ने कहा कि विपक्ष की पांच बड़ी रैलियां होंगी. राष्ट्रपति के सामने अपनी बात रखेंगे. खड़गे ने आगे कहा कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में मिलने का समय मांगेंगे. उनसे मुलाकात कर अपनी सारी समस्याएं बताएंगे. 

ये भी पढ़ें: SIR पर घमासान के बीच चुनाव आयोग का बड़ा फैसला, Form-6 से हटाई गई अतिरिक्त घोषणा

ज़रूर पढ़ें