Khamenei Death: खामेनेई की मौत के बाद भारत में क्या चल रहा? लखनऊ-कश्मीर में सड़कों पर उतरे लोग

Jammu Kashmir: ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत के विरोध का असर भारत में भी देखने को मिल रहा है. जम्मू-कश्मीर ने लोग खामेनेई की फोटो लेकर सड़कों पर उतर गए हैं.
Supreme Leader Khamenei Death

ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद भारत में दिखा विरोध प्रदर्शन

Iran Supreme Leader Khamenei Death: ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद श्रीनगर में कश्मीरी शिया मुसलमानों ने लाल चौक पर विरोध में प्रदर्शन किया. रविवार को काफी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए हैं. पुलवामा में भी खामेनेई की तस्वीरों को लेकर लोग प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं. फिलहाल, अमेरिका-इजरायल हमले के बाद से वैश्विक तनाव बना हुआ है.

खामेनेई की मौत के बाद दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने अपना झंडा आधा झुका दिया है. खामेनेई की मौत का विरोध भारत में अब कई जगहों पर देखने को मिल रहा है. जम्मू-कश्मीर के बाद अब उत्तर प्रदेश के लखनऊ में लोग सड़कों पर उतर आए हैं. लखनऊ में एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “जिनके खून में गद्दारी है, उन्होंने खामेनेई को धोखे से मारा है. अगर एक खामेनेई मारा गया, तो हजार खामेनेई उठ खड़े होंगे. इजराइल और अमेरिका धोखेबाज हैं.”

हमने अपना लीडर खोया: शिया कम्युनिटी के लीडर

खामेनेई की हत्या पर शिया कम्युनिटी के लीडर सैयद समर काजमी ने कहा, “यह पहली बार नहीं है जब हमने कोई लीडर खोया है, लेकिन हम अपने अजीम लीडर की मौत को नहीं भूलेंगे. हम अपनी पीढ़ियों को बताएंगे कि कैसे अमेरिका और इजराइल ने धोखे से हमारे लीडर को मारा. मुसलमानों का एक हिस्सा हमेशा प्यारे लीडर के रास्ते पर रहा है और हमेशा कहा है कि हम हमेशा दबे-कुचले लोगों के लिए आवाज उठाएंगे. उन्हें सिर्फ इसलिए मारा गया क्योंकि उन्होंने फिलिस्तीन में हो रही हत्याओं के लिए आवाज उठाई थी, जबकि दुनिया चुप थी.”

ये भी पढ़ेंः Iran Supreme Leader: कौन हैं मोजतबा, खामेनेई की मौत के बाद संभाली ईरान की कमान, बने नए सुप्रीम लीडर

अमेरिका-इजरायल हमले में हुई थी खामेनेई की मौत

बता दें, शनिवार 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया. इस दौरान ईरान के कई ठिकानों को अपना निशाना बनाया, जिसमें सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की भी मौत हो गई है. खामेनेई की मौत के विरोध में लोग सड़कों पर उतरे हैं. ईरान के साथ ही मौत का विरोध भारत के कई शहरों में देखने को मिल रहा है.

ज़रूर पढ़ें