JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में CID का बड़ा एक्शन, कई जिलों में एक साथ छापेमारी
झारखंड में छात्रों का प्रदर्शन जारी
Jharkhand PSC exam fraud CID Raids: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच लगातार तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में राज्य की अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने सोमवार को राजधानी रांची सहित कई जिलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया है. जांच एजेंसी ने उन स्थानों को निशाने पर लिया, जिनका संबंध परीक्षा संचालन, डेटा प्रोसेसिंग या भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा होने की आशंका है.
सूत्रों के अनुसार, जांच टीमों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की. अधिकारियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की हेराफेरी, अवैध हस्तक्षेप या तकनीकी स्तर पर गड़बड़ी हुई थी या नहीं. जांच एजेंसी पहले से जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
शिकायतों के बाद सरकार का एक्शन
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब अभ्यर्थियों ने परीक्षा परिणामों को लेकर गंभीर सवाल उठाए. आरोप लगाए गए कि मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी नहीं थी. कुछ उम्मीदवारों को गलत तरीके से लाभ पहुंचाया गया. इन शिकायतों के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच CID को सौंपी, जिसके बाद कई अधिकारियों और परीक्षा से जुड़ी निजी एजेंसियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई.
कई लोग हो चुके गिरफ्तार
इस पूरे प्रकरण में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जबकि पूर्व अधिकारियों से भी लंबी पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों, सर्वर डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही हैं. ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कथित अनियमितताओं के पीछे कौन-कौन लोग जिम्मेदार थे.
विरोध प्रदर्शन बारिश में जारी
उधर, परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन भी जारी है. प्रदर्शनकारी परीक्षा रद्द करने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. माना जा रहा है कि CID की ताजा छापेमारी इस बहुचर्चित मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण चरण साबित हो सकती है. आने वाले दिनों में नए खुलासे तथा अतिरिक्त गिरफ्तारियां भी संभव हैं.