विजिलेंस ने पकड़े तीन टीटीई, निर्धारित सीमा से अधिक कैश मिलने का मामला
घड़ी की सुइयां रात के साढ़े ग्यारह बजा रही थीं. रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सन्नाटा पसरने लगा था, तभी मुंबई-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस (12471) आकर रुकी. ड्यूटी पूरी कर चुके मुंबई के तीन टीटीई (टिकट जांच कर्मचारी) जैसे ही ट्रेन से उतरकर बाहर निकलने लगे, सादे कपड़ों में तैनात एक विशेष टीम ने उनका रास्ता रोक लिया. यह कोई सामान्य जांच नहीं थी, बल्कि पश्चिम-मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम का एक गुप्त ऑपरेशन था. जब इन तीनों कर्मचारियों की तलाशी ली गई, तो अंदर से कुछ ऐसा बरामद हुआ जिसने रेलवे महकमे में हड़कंप मचा दिया है.
पश्चिम-मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने शुक्रवार देर रात कोटा रेलवे स्टेशन पर मुंबई के तीन टिकट जांच कर्मचारियों (टीटीई) को पकड़ा. तीनों के पास निर्धारित सीमा से अधिक नकदी मिलने की बात सामने आई है. विजिलेंस ने मामले में तीनों के खिलाफ केस तैयार किया है. हालांकि, बरामद रकम कितनी थी, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, मुंबई-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस (12471) में ड्यूटी करते हुए तीनों टीटीई शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे कोटा पहुंचे थे. ड्यूटी समाप्त कर जाने के दौरान विजिलेंस टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली. इस दौरान तीनों के पास निर्धारित सीमा से अधिक नकदी मिली. बताया जा रहा है कि रकम काफी बड़ी थी. फिलहाल नकदी की वास्तविक मात्रा और उसके स्रोत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
कोटा में मुंबई के टीटीई के पास निर्धारित से अधिक नकदी मिलने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी पश्चिम-मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम यहां मुंबई के कई टीटीई को पकड़ चुकी है. ताजा कार्रवाई के बाद रेलवे में टीटीई के पास नकदी रखने और ड्यूटी के दौरान उसकी निगरानी को लेकर मामला फिर चर्चा में है.
