‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर कब्जे की लड़ाई! अमेरिका वाले फाउंडर से अलग हरियाणा के वकील ने ठोका दावा

Cockroach Janata Party: सोशल मीडिया पर मजाक से शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब कानूनी विवाद में घिर गई है. पानीपत के वकील सुधीर जाखड़ ने चुनाव आयोग में आवेदन देकर खुद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बताया है.
कॉकरोच जनता पार्टी

कॉकरोच जनता पार्टी

Cockroach Janata Party: देश में इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर आम जनता के मुंह पर कॉकरोच जनता  पार्टी का ही नाम है. यह पार्टी कुछ ही द‍िनों इस तरह वायरल हुई कि आज इसकी चर्चा हर कोई कर रहा है. लेकिन अब यह पार्टी एक नए विवाद में फंसती नजर आ रही है.  हरियाणा के पानीपत के एक वकील ने चुनाव आयोग में आवेदन देकर इस पार्टी को अपने नाम से रजिस्टर कराने की कोशिश की है.खास बात ये है कि पार्टी बनाने वाले अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके से अलग होकर यह दावा किया गया है.

वकील सुधीर जाखड़ ने खुद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बताते हुए चुनाव आयोग को आवेदन सौंपा है. उनका कहना है कि अगर पार्टी को आधिकारिक रूप से रजिस्टर नहीं कराया गया तो कोई दूसरा इसका नाम और सोशल मीडिया हैंडल इस्तेमाल कर सकता है.  

दरअसल, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर मजाक और तंज के तौर पर शुरू हुई थी. यह नाम उस बयान के बाद चर्चा में आया था जिसमें बेरोजगार युवाओं को लेकर कॉकरोच शब्द इस्तेमाल होने पर काफी बहस छिड़ गई थी. देखते ही देखते यह ऑनलाइन कैंपेन युवाओं के बीच तेजी से वायरल हो गया.

अमेरिका में रह रहा पार्टी का संस्थापक

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके फिलहाल अमेरिका में पढ़ाई कर रहे हैं. इसी बीच पार्टी के नाम, लोगो और सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर कानूनी लड़ाई भी शुरू हो गई है. कुछ अकाउंट ब्लॉक होने और वेबसाइट बंद होने की खबरों के बाद मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया.

अब चुनाव आयोग करेगा फैसला

अगर चुनाव आयोग इस आवेदन को मंजूरी देता है, तो ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ एक रजिस्टर्ड अनरिकग्नाइज्ड पॉलिटिकल पार्टी बन सकती है. हालांकि पार्टी का कॉकरोच चिन्ह मंजूर होने की संभावना कम बताई जा रही है, क्योंकि चुनाव आयोग आमतौर पर ऐसे प्रतीकों की अनुमति नहीं देता.

ये भी पढ़ें: ‘अमेरिका में भी मरवा देंगे…’, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत को मिली जान से मारने की धमकियां

ज़रूर पढ़ें