देश में लगेगा लॉकडाउन? अफवाहों पर क्या बोले पेट्रोलियम मंत्री, किरेन रिजिजू का भी आया बयान

Lockdown Rumours: सोशल मीडिया पर लाकडाउन की खबरों पर शुक्रवार को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह झूठी खबर है. इसके साथ ही लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें.
hardeep Singh Puri And Kiren Rijiju

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू

Lockdown Rumours: मिडिल ईस्ट जंग के बीच देश में लॉकडाउन की अफवाहें उड़ने लगीं. सोशल मीडिया पर दावा किया जाने लगा कि जल्द ही देश में गैस-तेल की किल्लत और बढ़ेगी. सरकार कोरोना जैसे देशव्यापी लॉकडाउन लगाने वाली है. जिसके बाद लोगों में डर का माहौल हो गया और बेचैनी बढ़ गई. हालांकि, सरकार ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया. अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया. जानें सरकार ने क्या कहा?

सोशल मीडिया पर लाकडाउन की खबरों पर शुक्रवार को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह झूठी खबर है. इसके साथ ही लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने कहा, “वैश्विक स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है और हम ऊर्जा, सप्लाई चेन और जरूरी वस्तुओं से जुड़े हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक चीजों की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे. हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं.

लॉकडाउन की अपवाहों पर लगाया विराम

उन्होंने आगे कहा, “भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मजबूती दिखाई है और आगे भी हम समय पर, सक्रिय और समन्वित तरीके से कदम उठाते रहेंगे. लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं. मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है. ऐसे समय में जरूरी है कि हम सभी शांत, जिम्मेदार और एकजुट रहें. इस तरह की स्थिति में अफवाह फैलाना और बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है.”

किरेन रिजिजू ने PM मोदी को दिया धन्यवाद

ईंधन संकट को लेकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “मैं इस मुश्किल समय में इतना बड़ा कदम उठाने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं. पीएम ने साफ कहा था कि पैनिक नहीं होना है. जमाखोरी करने वालों को चेतावनी दी है. भारत सरकार ने स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रण में रखा हुआ है. सर्वदलीय बैठक में विपक्षी सांसदों ने भी एक तरह से सरकार की सराहना की और यह भी भरोसा दिलाया कि वे सरकार के फैसलों का समर्थन करेंगे. राज्य सरकारों को जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है ताकि गैस और फ़्यूल की कोई कमी न हो.”

ज़रूर पढ़ें