पंजाब: लुधियाना स्टेशन पर टला बड़ा हादसा , वैष्णो देवी स्पेशल ट्रेन का कोच हुआ अलग
हादसे के बाद का हाल
Ludhiana railway station: पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन रवाना होने की तैयारी में थी. ट्रेन के एक डिब्बे और दूसरे डिब्बे को जोड़ने वाला कपलर अचानक टूट गया, जिससे एक कोच ट्रेन से अलग हो गया. घटना प्लेटफॉर्म पर ही हुई, इसलिए कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे.
रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रेन की रवानगी से पहले ही तकनीकी खराबी पकड़ में आ गई थी, जिसके चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया. प्रभावित कोच को अलग कर मरम्मत का काम शुरू किया गया और यात्रियों को दूसरे डिब्बों में एडजस्ट करने की व्यवस्था की गई.
क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कपलर टूटने के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों में घबराहट फैल गई, लेकिन रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया. घटना के कारण ट्रेन के संचालन पर भी कुछ समय के लिए असर पड़ा.
रेलवे सूत्रों का कहना है कि पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कपलर में खराबी रखरखाव की कमी से हुई या कोई अन्य तकनीकी कारण जिम्मेदार था. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हो सकता था बड़ा हादसा
यह घटना ऐसे समय हुई है जब गर्मियों की छुट्टियों और तीर्थ यात्रा सीजन के कारण वैष्णो देवी जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ चल रही है. ऐसे में रेलवे सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि समय रहते खराबी का पता चल जाने से यात्रियों की जान को कोई खतरा नहीं पहुंचा.
ये भी पढ़ें:‘शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया तो…’, CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सरकार को दिया अल्टीमेटम