चेहरे पर कालिख और सिर पर चप्पल रखवाकर मंगवाई माफी! राज ठाकरे के खिलाफ बनाई थी रील

Maharashtra News: पुणे में राज ठाकरे के कार्यकर्ताओं ने कथित विवादित टिप्पणी करने वाले इन्फ्लुएंसर महेश मोटे के चेहरे पर कालिख पोत दी. इसके बाद सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक करवाई.
mns

इन्फ्लुएंसर महेश मोटे से मंगवाई माफी

Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे में एक बार फ‍िर  महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ता चर्चा में हैं. इस बार भी चर्चा का विषय पुराना ही है, जिसमें कार्यकर्ताओं ने एक इंफ्लुएंसर के मुंह पर पहले कालिख पोती. इसके बाद उसके सिर पर चप्पल रखवाकर माफी मंगवाई. ऐसा करने के पीछे की वजह इंफ्लुएंसर की कथित विवादित टिप्पणी को माना जा रहा है. अब इस पूरी घटना का वीड‍ियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

महेश मोटे फेमस मराठी सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर हैं, उनकी कई रीलें जमकर वायरल हुई हैं. वे भी महाराष्ट्र से ही ताल्लुक रखते हैं और अपने तमाम वायरल वीडियो और विवादों के कारण चर्चा में रहे हैं. हाल ही में उन्‍होंने क रील में राज ठाकरे को लेकर विवादित टिप्पणी की थी.

टिप्पणी के बाद ठाकरे के समर्थक भड़क गए. उन्‍होंने मोटे को पकड़कर पहले मारपीट की. इसके साथ ही उनके मुंह पर कालिख पोत कर माफी मंगवाई. उन्हें सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक करने और MNS शाखा में राज ठाकरे की तस्वीर के सामने साष्टांग दंडवत कर माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया.

माफी मांगते हुए इंफ्लुएंसर ने क्या कहा?

इंफ्लुएंसर मोटे ने माफी वाले वीडियो में कहा कि मैंने अनजाने में राज साहब के बारे में कुछ गलत कह दिया. मैंने शुभम दादा और MNS के दूसरे पदाधिकारियों के बारे में भी गलती से गलत बात कह दी. आज मुझे अपनी गलती का बहुत पछतावा है. इस रील की वजह से मैं इस मुश्किल में पड़ गया हूं. मैं MNS पार्टी और आप सभी से दिल से माफी मांगता हूं. उनके चेहरे पर डर साफ दिख रहा था और आंसू बह रहे थे.

कब बनाई थी मोटे ने रील

पूरा मामला 20 दिन पुराना बताया जा रहा है. वीडियो बनाने के बाद मोटे तभी से ही केरल में थे. जैसे ही MNS कार्यकर्ताओं को उनके पुणे लौटने और कटराज इलाके में होने की भनक लगी, वे मौके पर पहुंचे. उन्हें कटराज के एक पार्क से पकड़ा और MNS पब्लिक रिलेशन्स ऑफिस ले आए.

जगदाले ने बाद में कहा कि यह MNS स्टाइल है. इसके साथ ही उन्‍होंने आगे  कहा कि जो कोई भी राज ठाकरे का अपमान करेगा, उसका यही हश्र होगा.

ये भी पढ़ें:क्रिकेट के बाद अब सियासी पिच पर उतरेंगे की तैयारी में शमी? एक मुलाकात के बाद चर्चा तेज

ज़रूर पढ़ें