ऑर्डर किया मोबाइल निकला गोबर, पैकेट खोलते ही युवक हैरान, दर्ज कराई शिकायत
ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान धोखाधड़ी
Online Shopping Fraud: ग्रेटर नोएडा के रहने वाले एक युवक के साथ ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. युवक ने ऑनलाइन एक एंड्रॉयड मोबाइल ऑर्डर किया था. जब कोरियर उसके पास पहुंचा तो पैकेट खोलते ही हैरान रह गया, क्योंकि पैकेट के अंदर मोबाइल नहीं, बल्कि गोबर भरा हुआ था. यह देखते ही युवक सीधे पुलिस के पास पहुंच गया, जहां उसे ठगी का अहसास हुआ. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, यह मामला दनकौर थाना क्षेत्र का है. जहां के रहने वाले एक युवक ने एक वेबसाइट के माध्यम से अपने लिए मोबाइल ऑर्डर किया था. इस दौरान उसने पैसे भी ऑनलाइन जमा कर दिए. क्योंकि उसे उम्मीद थी कि समय पर मोबाइल मिल जाएगा. उसे इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि उसके साथ ठगी हो जाएगी. लेकिन जब उसे कोरियर के माध्यम से पैकेट मिला तो वह हैरान रह गया.
जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
युवक के बताए अनुसार, पैकेट के अंदर गोबर भरा मिला. जिसकी शिकायत उसने पुलिस से की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि युवक के बताए अनुसार, ऑर्डर करने वाली वेबसाइट, भुगतान से जुड़े विवरण और डिलीवरी प्रक्रिया को लेकर जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे. उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ेंः क्या आप जानते हैं शहजाद पूनावाला का असली नाम? पूर्व BJP नेता ने खुद बताया
विश्वसनीयता वाली साइट से करें ऑर्डर
ऑनलाइन खरीदारी को लेकर एक्सपर्ट का कहना है कि हमेशा सही कंपनी और वेबसाइट का चयन करना चाहिए. ऑर्डर करने से पहले कई बार जांच-परख जरूर करें. अगर पहले भुगतान कर रहे हैं तो कई बार जांच कर लें और हमेशा विश्वसनीयता वाली साइट ही चुनें. नहीं तो आप भी धोखाधड़ी के शिकार हो सकते हैं.