दिल्ली में BJP की डिनर पॉलिटिक्स, 6 जगहों पर सांसदों के साथ परिसीमन ब‍िल पर बनेगी रणनीति

भाजपा ने संसद का सत्र शुरू होने से पहले 29 नवंबर रविवार रात को अपने सभी सांसदों को लेकर अलग-अलग 6 ठिकानों पर डिनर का आयोजन किया है.
BJP MPs meeting Delhi

भाजपा नेता (फाइल फोटो)

केंद्र सरकार 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का सत्र बुला रही है. इस सत्र में भाजपा ने परिसीमन बिल और महिला आरक्षण बिल को पास कराने की पूरी तैयारी कर ली है. दूसरी तरफ कांग्रेस समेत इंडिया ब्लॉक के तमाम नेता परिसीमन का विरोध कर रहे हैं. लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने सत्र शुरु होने से पहले रविवार रात पक्की रणनीति बनाने की कवायद तेज कर दी है.

भाजपा ने सदन की कार्रवाई शुरू होने से पहले 29 नवंबर रविवार रात को अपने सभी सांसदों को लेकर अलग-अलग 6 ठिकानों पर डिनर का आयोजन किया है. इन सभी डिनर बैठकों की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्रियों को सौंपी गई है. दिल्ली में अलग-अलग राज्यों से लगभग सभी सांसद दिल्ली पहुंच चुके हैं. ये सभी सांसद दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों के आवास पर डिनर मीटिंग के लिए जुटेंगे.

भाजपा की इन बैठकों को मकसद संसद सत्र से पहले सभी सांसदों के साथ चर्चा और आपसी समन्वय मजबूत करना है.

इन मंत्रियों के आवास पर डिनर का आयोजन

जानकारी के मुताबिक, पूर्वोत्तर के राज्यों से आए सांसदों के लिए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के घर पर डिनर का आयोजन किया गया है. वहीं यूपी के सांसदों के लिए केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के आवास पर भोज की व्यवस्था है. मध्य प्रदेश के सांसदों के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर पर डिनर रखा गया है.

इसी तरह छत्तीसगढ़ के सांसद केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के आवास पर जुटेंगे. हरियाणा और दिल्ली के सांसदों के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के घर पर रात्रिभोज रखा गया है. वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के सांसद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर डिनर करेंगे.

इस बैठक क्या है उद्देश्य?

संसद सत्र के दौरान सरकार को कई अहम मुद्दों पर विपक्ष के सवालों और राजनीतिक विरोध का सामना करना पड़ा सकता है. ऐसे में सभी सांसदों के साथ मिलकर भाजपा एक रणनीति बनाने की तैयारी कर रही है. इस बैठक का उद्देश्य है कि पार्टी नेतृत्व चाहता है कि उसके सभी सांसद सदन में एकजुट होकर सरकार का पक्ष रखें और संसदीय कार्यवाही में सक्रिय भूमिका निभाएं.

सोमवार को बिल पेश करेगी सरकार

बता दें कि केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है. इसका उद्देश्य महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करना है. इसके तहत लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी और साथ ही राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी. इन नई सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक के लिए फ्रीज रखा जाएगा.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें