‘जब जिद पे आ गई पार्वती’, भजन सुनकर मंत्रमुग्ध हुए PM मोदी, खंजरी भी बजाते आए नजर

दिल्ली में भजन क्लबिंग कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का अनोखा संगम देखने को मिला। 'पार्वती' गाने पर पीएम मोदी खंजरी बजाते हुए नजर आए. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
PM Modi Parvati song

भजन सुनकर मंत्रमुग्ध हुए PM मोदी

दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का अनोखा संगम देखने को मिला. इस कार्यक्रम में पीएम मोदी भी शामिल हुए. कार्यक्रम में ‘हनुमान अंश’ के गायक साधु तिवारी ने अपने गाने ‘जब ज़िद पे आ गई पार्वती’ की प्रस्तुति दी. इस गीत के दौरान पीएम मोदी पूरी तरह से गाने पर ध्यान लगाते हुए नजर आए और तस्वीरों में पीएम मोदी खंजरी बजाते हुए भी नजर आ रहे हैं.

खंजरी बजाते नजर आए पीएम मोदी

कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह भक्ति संगीत से सराबोर रहा. सामने आई तस्वीरों में प्रधानमंत्री मोदी कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद लेते और खंजरी पर ताल देते नजर आए. इसके बाद ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भी मंच संभाला और हनुमान चालीसा का पाठ किया. कार्यक्रम में संगीत और आध्यात्मिकता का यह मेल आकर्षण का केंद्र रहा.

बुंदेली बोली को मिला जमकर प्यार

गौरतलब है कि बीते दिनों रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ जमकर चर्चा में रही है. लोगों ने इस फिल्म के सभी गानों को खूब पसंद किया. फिल्म में बुंदेली भाषा के जो संवाद हैं, उनकी भी लोगों ने जमकर तारीफ की है. ऐसा पहली बार है की जब किसी फिल्म में बुंदेली भाषा और गायन को स्थान मिला और वो केवल देश तक ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी पसंद किया गया है.

कौन हैं साधु तिवारी?

इस फिल्म के ‘पार्वती’ और ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान‘ दोनों ही गाने बुंदेली भाषा के हैं. ‘पार्वती’ गाना साधु तिवारी ने गाया है. वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करैया गांव के रहने वाले हैं. संगीत में आने से पहले वह ग्वालियर के कॉलेजों में केमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) भी पढ़ाते थे. साधु तिवारी सिर्फ इस गाने के सिंगर ही नहीं, बल्कि इसके कंपोजर और लिरिसिस्ट भी हैं. ‘पार्वती’ में उनकी आवाज और देसी टच ही गाने को अलग रंग देता है.

हनुमान अंश फिल्म का जलवा

‘हनुमान अंश’ की सबसे दिलचस्प कहानी सिर्फ पर्दे पर नहीं, बल्कि पर्दे के बाहर बॉक्स ऑफिस पर भी लिखी गई है. करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने महज 10 लाख रुपये की ओपनिंग से शुरुआत की थी. लेकिन धीरे-धीरे फिल्म को दर्शकों का ऐसा सपोर्ट मिला कि कमाई रफ्तार पकड़ती चली गई. उपलब्ध बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक सातवें हफ्ते तक भारत में फिल्म की कमाई करीब 300 करोड़ पार हो चुकी थी. वहीं हाल की रिपोर्टों में इसकी वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 385 करोड़ पार बताई गई है.

ये भी पढ़ेंः ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन, SC में भी याचिका दायर, इस्तीफे की मांग

ज़रूर पढ़ें