प्रसून जोशी बने प्रसार भारती बोर्ड के नए चैयरमैन, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी बधाई

Prasoon Joshi Prasar Bharati: प्रसून जोशी को प्रसार भारती बोर्ड का नया चेयरमैन बनाया गया है. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी उन्हें बधाई दी हैं.
प्रसून जोशी

प्रसून जोशी

Prasoon Joshi: मशहूर गीतकार और संचार विशेषज्ञ प्रसून जोशी को प्रसार भारती बोर्ड का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है. सूचना और प्रसारण मंत्रालय की तरफ से उनकी नियुक्ति की घोषणा करते हुए बताया कि प्रसून जोशी का अनुभव और उनकी रचनात्मक दृष्टि प्रसार भारती को नई ऊर्जा और दिशा देने में मदद करेगा.

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रसून जोशी एक बहुआयामी व्यक्तित्व हैं, जिनका अनुभव साहित्य, सिनेमा, विज्ञापन और जनसंचार के क्षेत्र में लंबे समय से रहा है. उनके काम में भारतीय संस्कृति और समाज की झलक साफ दिखाई देती है, जो उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए खास बनाती है.

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि जोशी की सोच और रचनात्मक दृष्टि से प्रसार भारती को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में देश का सार्वजनिक प्रसारण और अधिक प्रभावी और जनसरोकारों से जुड़ा बनेगा.

पहले भी कई पदों पर रह चुके हैं प्रसून

प्रसून जोशी इससे पहले सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के अध्यक्ष रह चुके हैं, जहां उन्होंने फिल्म प्रमाणन प्रक्रिया को संतुलित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया था. इसके अलावा, वे लंबे समय तक विज्ञापन कंपनी McCann Worldgroup India से जुड़े रहे और कई चर्चित अभियानों का हिस्सा रहे हैं.

चुनौतियों से गुजर रहा प्रसार भारती?

राजनीतिक गलियारों की मानें तो प्रसून जोशी की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब प्रसार भारती डिजिटल बदलाव और नई चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है. ऐसे में सरकार को उम्मीद है कि जोशी के अनुभव से दूरदर्शन और आकाशवाणी जैसे प्लेटफॉर्म को और मजबूत किया जा सकेगा.

ये भी पढ़ें: आपके मोबाइल पर भी नहीं आया इमरजेंसी अलर्ट फ्लैश? क्‍या है इसकी वजह, जानें

ज़रूर पढ़ें