राम मंदिर चढ़ावे के कथित चंदा चोरी पर कांग्रेस का PM को पत्र, राहुल-खड़गे ने स्वतंत्र जांच की उठाई मांग
राम मंदिर चंदा चोरी विवाद पर पीएम को राहुल का पत्र
Ram Janmabhoomi Teerth: अयोध्या राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़े कथित गबन के मामले ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त पत्र लिखकर पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. दोनों नेताओं का कहना है कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था इस मुद्दे से जुड़ी है, इसलिए मामले की सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है.
पत्र में राहुल गांधी और खड़गे ने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए लोगों ने अपनी श्रद्धा और विश्वास के साथ दान दिया था. ऐसे में यदि उस धन के दुरुपयोग या गबन के आरोप सामने आए हैं तो उन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे विवाद पर प्रधानमंत्री की चुप्पी लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर रही है.
कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा?
कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि किसी स्वतंत्र एजेंसी या निष्पक्ष समिति के जरिए मामले की जांच कराई जाए, ताकि दोषियों की पहचान हो सके और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे. उनका कहना है कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विषय है.
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने पत्र में यह भी कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी शर्त बताते हुए कहा कि किसी भी संस्था को जांच से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए.
मानसून सत्र में उठ सकता है मुद्दा
इस मुद्दे पर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार और संबंधित ट्रस्ट से जवाब मांग रही है. माना जा रहा है कि संसद के आगामी मानसून सत्र में भी विपक्ष इस विषय को प्रमुखता से उठा सकता है. फिलहाल केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस पत्र पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें:‘मैं जो भी करता हूं, मुंह पर करता हूं…’, इंदौर में बोले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, छात्राओं को दी ये खास सलाह