‘मैं जो भी करता हूं, मुंह पर करता हूं…’, इंदौर में बोले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, छात्राओं को दी ये खास सलाह
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
Indore: मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को मंच से कहा, मैं जो कुछ करता हूं मुंह पर करता हूं, पीठ पीछे नहीं करता. जब वे मंच पर यह बयान दे रहे थे. उस दौरान उनके साथ इंदौर के सांसद, महापौर, विधायक समेत तमाम नेता बैठे थे. मंत्री इस दौरान 26 विकास कार्यों का भूमिपूजन करने पहुंचे थे. वहीं, दूसरी ओर उन्होंने छात्राओं को दोस्ती, नशे और सामाजिक बुराइयों को लेकर खुलकर सलाह दी.
दरअसल, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का भूमिपूजन करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मंच से माइक थामते हुए कहा कि 70 साल का हो गया हूं, यूं ही सठिया गया हूं. इतना ही नहीं अपने विरोधियों को नसीहत देते हुए कहा, मैं जो कुछ करता हूं, मुंह पर करता हूं, पीठ पीछे नहीं करता. फिलहाल, उनके इस बयान को लेकर लोग तरह-तरह के कयास निकाल रहे हैं.
विकास कार्यों का श्रेय डबल इंजन की सरकार को
इस दौरान मंच से संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, जब मैं महापौर था, उस समय से इंदौर शहर का विकास शुरू हुआ था. जिसका सिलसिला लगातार जारी है और भाजपा की डबल इंजन सरकार को इसका श्रेय जाता है. विकास कार्यों को लेकर चल रहे कार्यों से लोगों को भी काफी समस्याएं होती हैं, लेकिन बेहतर भविष्य के लिए थोड़ी तकलीफ सहन करनी पड़ती है.
ये भी पढ़ेंः अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला, महू में तान दिया असलहा, जेसीबी में भी तोड़फोड़; एक कर्मचारी घायल
छात्राओं से की ये अपील
विधानसभा-1 स्थित पीएम राइस स्कूल अहिल्या आश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि किसी भी लड़के से दोस्ती सोच-समझकर करनी चाहिए. उन्होंने यह बयान लव जिहाद को लेकर आगाह करने के लिए दिया था. मंत्री ने कहा कि कई बार लोग अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर संबंध बनाते हैं और बाद में सच्चाई सामने आती है. इसलिए आप लोग काफी सतर्क होकर ही किसी से दोस्ती करें.