कौन है साहिल लोचब? जिसने जंतर-मंतर में पैलेट गन से गंवाई एक आंख, राहुल गांधी के धरने के बाद FIR दर्ज
राहुल गांधी के साथ साहिल लोचब
Rahul Gandhi Dharna News: दिल्ली में जंतर-मंतर में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया, जिसमें एक छात्र बुरी तरह से घायल हो गया. पैलेट गन के छर्रे उसकी आंखों के आगे अंधेरा कर दिए. छात्र 20 जुलाई की घटना के बाद से न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है. घटना को 1 महीना पूरा होने के बाद आज एक बार फिर राहुल गांधी ने छात्र से बातचीत की और FIR दर्ज कराने संसद मार्ग स्थित थाना पहुंच गए. राहुल गांधी ने थाने के बाहर ही धरना दे दिया. 5 घंटे तक चले धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर लिया. यहां जानें कौन है साहिल लोचब?
कौन है साहिल लोचब?
साहिल लोचब दिल्ली यूनिवर्सिटी का एक छात्र है, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है. वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में रहता है. साहिल के परिवार की अगर बात करें, तो वह किसान परिवार से आता है. साहिल के पिता ड्राइवर का काम करते हैं. साहिल अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा है.
20 जुलाई को पैलेट गन में घायल हुए थे साहिल
बता दें, साहिल 20 जुलाई 2026 को जंतर-मंतर में नीट धांधली को लेकर हो रहे प्रदर्शन में शामिल हुआ था. इस दौरान पुलिस ने पैलेट गन का इस्तेमाल कर दिया. पैलेट गन की वजह से साहिल के चेहरे, गर्दन, छाती और आंखों में 200 से ज्यादा छर्रे लगे. यह AIIMS ट्रामा सेंटर की मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया. साहिल को सबसे ज्यादा चोट दाईं आंख में आई, जहां 3 छर्रे सीधे कॉर्निया को चीरते हुए अंदर धंस गए. डॉक्टरों ने बताया कि साहिल की आंख की रोशनी 99 प्रतिशत चली गई है. जिसके लौटने की संभावना काफी कम है.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली पुलिस ने मानी धरने पर बैठे राहुल गांधी की मांग, पैलेट गन मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR
1 महीने बाद FIR दर्ज
फिलहाल, साहिल पर पैलेट गन चलाने के मामले में आज शुक्रवार को FIR दर्ज कर ली गई है. राहुल गांधी एफआईआर दर्ज कराने के लिए धरने पर बैठे थे. उन्होंने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती है. हम यहां से नहीं जाएंगे. हालांकि, अब दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर राहुल गांधी को एफआईआर की कॉपी सौंप दी है.