कोलकाता: 8 साल बाद हटाया गया फुटबॉल थीम वाला स्टैच्यू, ममता बनर्जी ने किया था डिजाइन

Salt Lake Stadium: पश्‍चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में साल्‍ट लेक स्‍टेड‍ियम के बाहर लगा वह चर्चित फुटबॉल थीम वाले स्टैच्यू हटा द‍िया गया है. इसे पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने खुद ही ड‍िजाइन किया था.
Salt Lake Stadium statue

प्रशासन ने गिराया स्टैच्यू

Salt Lake Stadium statue: पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद से ही कई पुरानी सरकार के फैसलों को पलटा जा रहा है. इसके साथ ही नए ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं जो पुरानी सरकार के दौरान पेंडिंग पड़े थे. ऐसा ही एक फैसला राजधानी कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम के बाहर लगा वह चर्चित फुटबॉल थीम वाले स्टैच्यू को लेकर लिया गया है. पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे डिजाइन किया था. हालांकि अब नई सरकार के फैसले के बाद इसे हटा दिया गया है.

यह स्टैच्यू साल 2017 में FIFA U-17 वर्ल्ड कप से पहले पश्‍च‍िम बंगाल की राजधानी कोलकाता में लगाया गया था. इसमें फुटबॉलर के बड़े पैरों और ऊपर फुटबॉल की आकृति दिखाई गई थी. स्टैच्यू के साथ जयी शब्द और बिस्वा बंगला लोगो भी जोड़ा गया था. लेकिन, इसकी डिजाइन को लेकर शुरुआत से ही विवाद रहा और कई फुटबॉल फैंस ने इसे अजीब और भद्दा बताया था.

हाल ही में बंगाल के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने खुलकर कहा था कि यह स्टैच्यू अर्थहीन और बदसूरत दिखता है, इसलिए इसे हटाया जाएगा. सरकार का कहना है कि स्टेडियम का आधुनिकीकरण किया जा रहा है.  उसी प्रक्रिया के तहत यह कदम उठाया गया.

पहले भी उठ चुके इसको लेकर सवाल

इस पूरे मामले को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है. नई सरकार पुराने TMC शासन से जुड़े कई प्रतीकों और प्रोजेक्ट्स की समीक्षा कर रही है. इसी दौरान साल्‍ट लेक स्टेडियम में हुए लियोनल मेसी के गोट टूर  विवाद का भी जिक्र सामने आया, जिसके बाद स्टेडियम प्रबंधन और पुराने फैसलों पर सवाल उठे थे.

अब स्टैच्यू हटाए जाने के बाद बंगाल की राजनीति में नया विवाद छिड़ गया है, TMC समर्थक इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रहे हैं, जबकि सरकार इसे स्टेडियम के रीडेवलपमेंट और बेहतर सौंदर्यीकरण का हिस्सा बता रही है. बहरहाल देखना होगा कि आने वाले दिनों इस स्‍टैच्‍यू को लेकर क्‍या-क्‍या देखने को मिलता है. 

ये भी पढ़ें: बिजली कटौती के लिए रहें तैयार; रिकॉर्ड मांग के बीच ऊर्जा मंत्रालय की बड़ी अपील, लोगों से कहा- समझदारी से करें बिजली का इस्तेमाल

ज़रूर पढ़ें