फोटो खिंचवाने के लिए आपस में भिड़े BJP-कांग्रेस के नेता, विधायक के सामने मारपीट
फोटो खिंचवाने के लिए आपस में भिड़े BJP-कांग्रेस के नेता
Photo Session Turns Violent: तेलंगाना के आदिलाबाद में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच फोटो खिंचवाने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और दोनों को अलग किया. घटना के बाद काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन गनीमत रही कि मामला इसके बाद शांत हो गया. फिलहाल, इस घटना को लेकर अभी तक किसी पक्ष ने शिकायत नहीं दर्ज कराई है. लेकिन इस विवाद की खूब चर्चा हो रही है. जानें क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, यह मामला आलिदाबाद के बेला में पेंशन मंजूरी की प्रतियां बाटने के दौरान हुआ. इस दौरान मौजूदा विधायक पायल शंकर भी मौजूद रहे. उनकी मौजूदगी में ही धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई. जब विधायक पायल शंकर लाभार्थियों को पेंशन मंजूरी पत्र बांट रहे थे. इसी दौरान फोटो खिंचवाने के लिए कांग्रेस और भाजपा के नेता भी घुसने लगे. इस दौरान दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच विवाद हो गया और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया.
फोटो खिंचाने को लेकर हुआ था विवाद
यह विवाद एक ही गांव के रहने वाले भाजपा के पूर्व सरपंच और कांग्रेस के डिप्टी सरपंच के बीच हुआ. जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पहले से कोई विवाद नहीं था. लेकिन फोटो खिंचवाने के लिए दोनों नेता आगे आना चाह रहे थे. इसी दौरान धक्कामुक्की हो गई और फिर विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई शुरू हो गई और एक-दूसरे के मुक्के मारने लगे.
फिलहाल, भले ही दोनों के बीच मारपीट में किसी को चोट नहीं आई हो, लेकिन यह मामला सुर्खियों में आ गया. हालांकि, अभी तक इस मामले को लेकर किसी की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है और न ही शिकायत दर्ज कराने की जानकारी मिली है. इस विवाद में फोटो खिंचवाने के साथ ही अधिकारियों पर तय प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने के भी आरोप लगाए गए हैं.



