TMC फंड, लग्जरी जेट और किराये का खेल! ED की जांच में सामने आए कई चौंकाने वाले राज
ममता बनर्जी
Frozen Bank Accounts: ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) एक बड़े विवाद में घिर गई है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत पार्टी के तीन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है, जिनमें करीब 440 करोड़ रुपये जमा हैं. एजेंसी ने दावा किया है कि जांच के दौरान ऐसे लेनदेन सामने आए हैं, जिनसे संदेह पैदा हुआ है. इनमें पार्टी के फंड का इस्तेमाल एक लग्जरी बिजनेस जेट और वीआईपी हेलिकॉप्टर खरीदने में किया गया. इसी के बाद से टीम ने जांच को और तेज कर दिया. बाद में जांच में सामने आया कि पार्टी खुद के ही खरीदे विमानों का किराया भी दे रही थी.
ED के अनुसार, जांच की शुरुआत कोलकाता की केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पर छापेमारी के बाद हुई थी. यह कंपनी साल 2021 में अस्तित्व में आई थी. एजेंसी का दावा है कि अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच TMC के खातों से लगभग 160 करोड़ रुपये इस कंपनी को भेजे गए.
ईडी की जांच में यह भी पता चला कि कंपनी ने इस रकम का एक बड़ा हिस्सा दूसरी नई कंपनी के खातों में ट्रांसफर किया, जिससे पैसों के प्रवाह पर सवाल खड़े हुए.
जांच एजेंसी ने क्या-क्या आरोप लगाए?
जांच एजेंसी का आरोप है कि इन्हीं पैसों से करीब 112 करोड़ रुपये खर्च कर Embraer Legacy 600 बिजनेस जेट और Agusta 109 SP हेलिकॉप्टर खरीदे गए. Embraer Legacy 600 एक एडवांस मिड-साइज बिजनेस जेट है, जबकि Agusta 109 SP वीआईपी श्रेणी का ट्विन इंजन हेलिकॉप्टर माना जाता है.
ED का कहना है कि विमान खरीदने के बाद इन्हें चार्टर सेवा के रूप में TMC को उपलब्ध कराया गया और पार्टी ने हर बार इनके उपयोग के लिए किराया भी चुकाया. यही वो प्वाइंट है, जिसके बाद जांच दूसरी दिशा में बढ़ गई. ED को शंक है कि इस व्यवस्था के जरिए पार्टी के फंड को दूसरी जगह ट्रांसफर करने या असली लेनदेन को छिपाने की कोशिश की गई हो.
टीएमसी ने ईडी के सभी आरोपों को किया खारिज
TMC ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. पार्टी का कहना है कि उसके सभी चंदे और वित्तीय लेनदेन पूरी तरह वैध हैं तथा चुनाव आयोग और आयकर विभाग को समय-समय पर उनकी जानकारी दी जाती रही है. TMC ने ED की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है. अब इस पूरे मामले पर सबकी नजर ED की अगली जांच और अदालत की कार्यवाही पर टिकी है.
ये भी पढ़ें:TMC को कलकत्ता हाईकोर्ट से राहत, 440 करोड़ वाले 3 फ्रीज बैंक खाते चलाने की मिली अनुमति