जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में जैश के दो आतंकी ढेर, दो AK 47 बरामद; सुरक्षाबलों ने आंतकियों के ठिकाने तबाह किए
जम्मू-कश्मीर में एनकाउंटर में दो आतंकी ढेर हो गए.
Encounter in Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है. इसमें सुरक्षाबलों ने जैश के टॉप कमांडर समेत दो आतंकियों को ढेर कर दिया है. सुरक्षाबलों को किश्तवाड़ में चतरू इलाके में 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी. जिसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर सर्च ऑपरेशन किया, लेकिन तभी आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने आतंकियों को मार गिराया.
सुरक्षाबलों ने आतंकियों के ठिकाने को ब्लास्ट किया
सुरक्षाबलों को किश्तवाड़ जिले के चतरू इलाके में जैश-ए-मोहम्मद से आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया. वहीं सुबह साढ़े 10 बजे पासेरकुट इलाके के पास जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और सेना ने संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया. सुरक्षाबलों ने उस ठिकाने में भी ब्लास्ट कर दिया, जिसमें आतंकी छिपे हुए थे.
आतंकियों के पास से 2 AK-47 बरामद
सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में 2 आतंकी मार गए गए. दोनों आतंकी जैश के कमांडर बताए जा रहे हैं, जिनमें सैफुल्लाह भी शामिल है. अधिकारियों की दी गई जानकारी के मुताबिक इस ऑपरेशन में अब तक 2 आतंकी मारे जा चुके हैं. वहीं आतंकियों के पास से दो एके-47 राइफलें, गोला-बारूद समेत कई अन्य सामग्री बरामद हुई है.
ऑपरेशन त्राशी-1 के तहत कार्रवाई
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाकर्मियों ने ऑपरेशन त्राशी-1 के तहत ये कार्रवाई की है. उधमपुर के साथ ही किश्तवाड़ जिले में भी ऑपरेशन त्राशी-1 अभी भी जारी है. ऑपरेशन त्राशी-1 18 जनवरी को शुरू किया गया था. तब से अब तक सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच 4 बार मुठभेड़ हो चुकी है. इससे पहले 4 फरवरी को भी चतरू में ही सुरक्षाबलों ने जैश के एक आतंकी को मार गिराया था. फिलहाल ऑपरेशन त्राशी-1 के तहत सुरक्षा बल लगातार सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं.