‘मुझे जान से मारना चाहते थे अख‍िलेश यादव…’, संगीत सोम के आरोप से यूपी की सियासत में हलचल

UP News: उत्तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी नेता संगीत सोम ने सपा के मुखिया अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्‍होंने कहा कि अखिलेश मुझे जान से मारना चाहते थे.
up politics

संगीत सोम और अखि‍लेश यादव

UP Politics: उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं. वैसे-वैसे सियासी सरगर्मी तेज होती जा रही है. इसके साथ ही आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला भी बढ़ता जा रहा है. इन सब के बीच अब बीजेपी नेता संगीत सोम ने सपा के मुखिया अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्‍होंने कहा कि अखिलेश मुझे जान से मारना चाहते थे. उन्‍होंने यह दावा एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान किया है. सोम के आरोपों पर अब तक अखिलेश यादव की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आ पाई है.

संगीत सोम ने अपने आरोपों के समर्थन में मुजफ्फरनगर दंगों के बाद की घटनाओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय दंगों को लेकर आवाज उठाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था. पहले उन्हें मुजफ्फरनगर जेल में रखा गया, लेकिन कुछ समय बाद ही दूसरी जेल में भेज दिया गया.

बीजेपी नेता का दावा है कि जेल बदलने के दौरान उन्हें पूरी रात जंगलों के रास्ते घुमाया गया. इसके बाद सुबह उन्हें उरई जेल पहुंचाया गया. सोम ने सवाल उठाया कि जिस जेल में बड़ी संख्या में कैदी रहते थे, वहां उन्हें रखने से पहले पूरी जेल खाली क्यों कराई गई? उनके अनुसार, उस समय हुई घटनाओं ने उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं पैदा कर दी थीं.

‘जनता साथ नहीं देती तो- सोम

संगीत सोम ने दावा किया कि जेल में रहने के दौरान कुछ अधिकारियों ने भी उन्हें उनकी जान को खतरा होने की बात कही थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें डराने की कोशिश की गई. हालात ऐसे बन गए थे कि उनकी हत्या की आशंका पैदा हो गई थी. उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन की वजह से ही वह उस मुश्किल दौर से बाहर निकल सके.

पहले भी अखिलेश पर हमला बोलते रहे हैं सोम

संगीत सोम इससे पहले भी कई राजनीतिक मुद्दों पर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते रहे हैं. दोनों नेताओं के बीच मुजफ्फरनगर दंगों, कानून-व्यवस्था और राजनीतिक विचारधारा को लेकर पहले भी बयानबाजी होती रही है. ताजा आरोपों के बाद बीजेपी और सपा के बीच राजनीतिक टकराव एक बार फ‍िर बढ़ सकता है.

ये भी पढ़ें: ब‍िहार में चल पाएगा छोटे सरकार का जलवा? एग्जिट पोल में क्‍या हुआ अनंत सिंह के कैंडिडेट का हाल

ज़रूर पढ़ें