विजय सरकार का यू-टर्न! CJP- लेफ्ट के प्रदर्शनों से छात्रों को दूर रखने वाला आदेश वापस
सीएम विजय
CJP Student Protest Ban Order Withdrawn: तमिलनाडु में छात्रों के राजनीतिक प्रदर्शनों में शामिल होने को लेकर उठे विवाद के बीच विजय सरकार ने अपने पुराने आदेश को वापस ले लिया है. सरकार की तरफ से 14 अगस्त को एक आदेश जारी किया गया था. इस आदेश में स्कूल और कॉलेज के छात्रों को CJP और वामपंथी संगठनों के राजनीतिक प्रदर्शनों से दूर रखने के लिए प्रशासन को जरूरी कदम उठाने को कहा गया था. कुल मिलाकर आदेश में था कि बच्चे प्रदर्शनों में शामिल नहीं होंगे. सरकार के इस आदेश के विरोध के बाद अब 19 अगस्त को शिक्षा विभाग ने इस आदेश को निरस्त कर दिया है.
शिक्षा विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर सिंथिया सेल्वी ने कहा कि 14 अगस्त को जारी किया गया निर्देश अब प्रभावी नहीं है. इस आदेश के जरिए विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार को छात्रों की राजनीतिक गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे. स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन को भी इसमें समन्वय करने को कहा गया था.
आदेश को लेकर सीजेपी ने जताया था विरोध
आदेश सामने आने के बाद CJP ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाए थे. पार्टी ने इसे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक बताते हुए आदेश वापस लेने की मांग की थी. CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा था कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है. किसी सरकार को इस अधिकार को सीमित नहीं करना चाहिए.
कब सामने आया था पूरा मामला
यह मामला उस समय सामने आया, जब तमिलनाडु में NEET के मुद्दे पर छात्र संगठनों की ओर से प्रदर्शन किए जा रहे हैं. CJP और लेफ्ट से जुड़े छात्र संगठन NEET के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. ऐसे में सरकार के आदेश को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच बहस तेज हो गई थी.
अब सरकार के यू-टर्न के बाद छात्रों के राजनीतिक प्रदर्शनों में शामिल होने को लेकर जारी विवाद फिलहाल थमता नजर आ रहा है. यह आदेश ऐसे समय में निरस्त किया गया है, जब कुछ दिन पहले ही रांची में झारखंड सरकार को छात्रों के सामने झुकना पड़ा.
ये भी पढ़ें:CJP के अभिजीत दीपके होंगे एनडीए में शामिल? रामदास अठावले के ऑफर पर दिया सीधा जवाब