पश्चिम बंगाल: पति को छुड़ाने की कोशिश पड़ गई भारी, टीएमसी नेता जहांगीर खान की पत्नी गिरफ्तार
जहांगीर खान
Jehangir Khan Wife Arrested: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता जहांगीर खान उर्फ ‘पुष्पा’ की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ विवाद अब उनकी पत्नी तक पहुंच गया है. पुलिस ने जहांगीर खान की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है. उस पर आरोप है कि उन्होंने अपने पति को छुड़ाने के लिए बड़ी संख्या में समर्थकों को इकट्ठा किया था. इसके साथ ही फाल्टा थाने की ओर मार्च निकालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. इसी मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है.
दरअसल, जहांगीर खान को कुछ दिन पहले पुलिस ने गिरफ्तार किया था. उस पर कई मामलों में जांच चल रही है और गिरफ्तारी के बाद उन्हें पुलिस हिरासत में भेजा गया था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा उन्हें सार्वजनिक रूप से ले जाने और कुछ तस्वीरों के वायरल होने से उनके समर्थकों में नाराजगी फैल गई.
रिहाई की मांग को लेकर जुटे थे लोग
पुलिस के अनुसार, इसी नाराजगी के बीच जहांगीर खान की पत्नी ने समर्थकों को संगठित किया. बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और फाल्टा क्षेत्र में प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने जहांगीर खान की रिहाई की मांग की और बाद में थाने की ओर बढ़ने लगे. पुलिस का आरोप है कि भीड़ के कुछ लोग थाने में घुसकर नेता को जबरन छुड़ाने की योजना बना रहे थे.
पहले ही लग गई थी पुलिस को जानकारी
खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस और केंद्रीय बल पहले से ही तैनात कर दिए गए थे. सुरक्षाबलों ने भीड़ को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इस मामले में पहले ही आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले जिनके आधार पर जहांगीर खान की पत्नी को पूरे घटनाक्रम का मुख्य आयोजक माना गया.
पूरे मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि प्रदर्शन और थाने को घेरने की योजना में और कौन-कौन लोग शामिल थे. वहीं, विपक्ष इस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहा है. फिलहाल जहांगीर खान जेल में हैं और अब उनकी पत्नी की गिरफ्तारी के बाद यह मामला पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद बन गया है.