‘थोड़ी शर्म रखो और रीढ़ की हड्डी को मजबूत बनाओ…’, यूसुफ पठान किसके साथ? महुआ मोइत्रा ने बोला हमला
यूसुफ पठान और महुआ मोइत्रा
Mahua Moitra Targets Yusuf Pathan: तृणमूल कांग्रेस (TMC) में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी की बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बड़ा दावा किया है. उनका कहना है कि पूर्व क्रिकेटर और टीएमसी सांसद यूसुफ पठान भी उन सांसदों में शामिल हैं, जो भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने के पक्ष में हैं. इन सब के बीच टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा ने यूसुफ पठान पर तीखा हमला बोला है.
महुआ मोइत्रा ने कहा कि यूसुफ पठान आप दिल्ली जा रहे हैं, क्योंकि आपको अमित शाह का कॉल आया है? थोड़ी हिम्मत तो रखो. आप भारत के लिए खेले हैं. हमारे जिले ने आपको बड़े अंतर से जिताया है. थोड़ी शर्म और रीढ़ की हड्डी को मजबूत रखो. मोइत्रा ने पठान को पुरानी बातें भी याद दिलाई.
महुआ मोइत्रा ने आगे कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में सभी सांसद टीएमसी के टिकट पर जीते थे. मैंडेट एनडीए के लिए नहीं था. बीजेपी में जाना है तो पहले अपनी सीटों से इस्तीफा दें और बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े. देखते हैं आप कितने बड़े हीरो हैं. महुआ मोइत्रा ने यूसुफ पठान के साथ गृह मंत्री अमित शाह को टैग भी किया.
काकोली घोष ने क्या कहा?
काकोली घोष ने कहा कि करीब 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर एनडीए के समर्थन का फैसला किया है. हालांकि उन्होंने सभी सांसदों के नाम सार्वजनिक नहीं किए, लेकिन संकेत दिए कि यूसुफ पठान भी इस समूह का हिस्सा हैं.
यह दावा ऐसे समय सामने आया है जब टीएमसी में बगावत की खबरें लगातार तेज हो रही हैं. बागी गुट का कहना है कि वह फिलहाल पार्टी छोड़ने या भाजपा में शामिल होने के बजाय संसद में एक अलग समूह के रूप में काम करना चाहता है और एनडीए को समर्थन देगा.
पठान की सफाई नहीं आई सामने
यूसुफ पठान हाल के दिनों में कई राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में रहे हैं. इससे पहले भी उनके नाम को लेकर कई तरह की अटकलें लगी थीं, जिन्हें उन्होंने सार्वजनिक रूप से खारिज किया था. फिलहाल उन्होंने काकोली घोष के ताजा दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
टीएमसी में बढ़ती नाराजगी
सांसदों के कथित समर्थन ने ममता बनर्जी के नेतृत्व के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. यदि बागी गुट का दावा सही साबित होता है, तो पार्टी की संसदीय ताकत और राजनीतिक समीकरणों पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है.