Chhath Vrat Parana Diet: छठ का निर्जला व्रत 36 घंटे तक चलता है, जिसमें व्रती बिना पानी और खाने के रहते हैं. इतने लंबे समय तक भूखे रहने के बाद पारण में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकता है. अगर व्रत टूटते ही पकौड़े, पूरी या ज्यादा मसालेदार खाना खा लिया तो पेट में जलन, गैस और उल्टी जैसी दिक्कत हो सकती है. डाइट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी बताती हैं कि उपवास के बाद पेट को फिर से काम पर लगाने के लिए उसे धीरे-धीरे आदत डालन चाहिए. इसके लिए पारण के कुछ आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं.
सबसे पहले शरीर को पानी की जरूरत
इतने घंटों तक पानी न पीने से शरीर पूरी तरह सूख जाता है. इसलिए व्रत तोड़ने के बाद तुरंत ठोस खाना खाने की बजाय पहले कोई तरल चीज लें.
सादा पानी, नारियल पानी या हल्का नींबू पानी सबसे अच्छा रहेगा. इससे शरीर में फिर से जान आएगी और चक्कर जैसी दिक्कत भी नहीं होगी.
पेट को आराम देगा हल्का भोजन
हल्का चीजों के बाद फल खाना सबसे सुरक्षित माना जाता है. केला, पपीता और सेब जैसे नरम फल पेट को बिना तकलीफ दिए ताकत देते हैं. इसके कुछ देर बाद मूंग की दाल, खिचड़ी या दलिया जैसी हल्की चीजें खा सकते हैं.
एकदम से नॉर्मल खाने पर न आएं
व्रत के बाद सबसे बड़ी गलती लोग यही करते हैं कि तुरंत रोज वाला भारी खाना खाने लगते हैं. ऐसा करने से पाचन बिगड़ जाता है. बेहतर यही है कि पहले दिन हल्का खाना खाएं और दूसरे दिन से धीरे-धीरे अपनी पुरानी डाइट पर वापस आएं.
छठ का व्रत सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि शरीर के धैर्य की भी परीक्षा है. इसलिए पारण में भी उतनी ही समझदारी दिखानी चाहिए, जितनी व्रत में दिखाई थी.
पारण के तुरंत बाद इनसे रहें दूर
- डायटीशियन के अनुसार व्रत खुलते ही समोसा, कचौड़ी, पिज्जा-बर्गर और ज्यादा तली-भुनी चीजों से दूर रहना चाहिए.
- बहुत ज्यादा मीठा और तेज मिर्च-मसाला भी इस समय नुकसान पहुंचा सकता है.
- चाय-कॉफी भी खाली पेट तुरंत पीना ठीक नहीं है.
- पहले शरीर को पानी और पोषण देकर उसे संभलने का मौका दें, फिर मनपसंद खाना खाएं.
