Chhath Puja: कब से शुरू हुई छठ पूजा, राजा प्रियंवद से लेकर कर्ण और द्रौपदी तक, जानिए महापर्व की रोचक कथा
छठ पूजा 2026
Chhath Puja Origin History Story: देशभर में छठ महापर्व का पवित्र त्योहार बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है. यह त्योहार हिंदुओं के सबसे पवित्र त्योहारों में से एक है. आज 16 नवंबर 2026 को छठ महापर्व का चौथा और अंतिम दिन है. भक्त बड़े ही श्रद्धा भाव और भजन-कीर्तन के साथ इस त्योहार को मनाते हैं. यही वह समय होता है, जब श्रद्धालु चार दिनों तक छठी मैया और सूर्य देव का पूजा-अर्चना कर उनकी उपासना करते हैं. साथ ही अपनी सुख-शांति और समृद्धि के लिए भगवान से आशीर्वाद प्राप्त करती हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि छठ महापर्व मनाने की शुरुआत कब से हुई है. आइए जानते हैं इसके पीछे की रोचक इतिहास के बारे में.
कैसे और कब से शुरू हुई छठ पूजा?
भारत में सदियों से राजाओं का ही शासन रहा है. हिंदू धर्म में कई ऐसे त्योहार हैं, जिनका सीधा संबंध प्राचीन भारत के राजाओं और महाराजाओं से जुड़ा हुआ है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, प्राचीन काल में भारत में प्रियंवद नाम के राजा राज करते थे. उनकी पत्नी का नाम मालिनी था. कथाओं के अनुसार, उन दोनों की कोई संतान नहीं था. संतान प्राप्ति के लिए एक दिन दोनों पति-पत्नी महर्षि कश्यप के पास गए. महर्षि कश्यप को अपनी सारी बातें बताईं, तब महर्षि ने उन्हें यज्ञ करने की सलाह दी. इसके बाद प्रियंवद ने अपनी पत्नी के साथ यज्ञ किया, जिससे उन्हें एक पुत्र की प्राप्ति हुई. लेकिन सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह रहा कि वह बालक मृत ही पैदा हुआ.

बेटे को खोने के दुख में राजा प्रियंवद ने अपनी जान देने का मन बना लिया था. तभी वहां देवी देवसेना प्रकट हुईं. उन्होंने राजा से कहा कि मैं सृष्टि के छठे अंश से पैदा हुई हूं, इसलिए मुझे षष्ठी कहते हैं. तुम पूरे विधि-विधान से मेरी पूजा करो. राजा ने वैसा ही किया और उन्हें जिंदा बेटे का आशीर्वाद मिला. कहा जाता है कि तभी से छठ पूजा की शुरुआत हुई. इस कथा का जिक्र ब्रह्मवैवर्त पुराण में मिलता है.
महाभारत काल से जुड़ा है छठ का महत्व
वहीं महाभारत काल से भी छठ महापर्व का महत्व बताया गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महाभारत काल में छठ पूजा और सूर्य उपासना सूर्यपुत्र कर्ण और पांडवों की पत्नी द्रौपदी ने की थी. कर्ण एक तपस्वी राजा थे और भगवान सूर्य के बहुत बड़े भक्त थे. धर्म ग्रंथों के अनुसार, राजा कर्ण हर दिन कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देते थे और उनकी उपासना करते थे.
वहीं यह भी कहा जाता है कि जब पांडव जुए में अपना सारा राजपाट हार गए थे, तब महर्षि धौम्य के सुझाव पर द्रौपदी ने पूरे विधि-विधान से छठ व्रत रखा था. छठ के इस व्रत से पांडवों का खोया हुआ राज्य दोबारा से वापस मिल गया था.



