होली के रंग से कार या बाइक हो गई खराब? जानिए दाग हटाने का सबसे आसान और सुरक्षित तरीका
कार और बाइक से रंग छुड़ाने का आसान तरीका
Remove Holi colour From car: होली की मस्ती में अक्सर आपकी कार या बाइक पर भी रंग गिर जाता है, जो सूखने के बाद गाड़ी की चमक खराब कर सकता है. अगर इन जिद्दी केमिकल वाले रंगों को सही तरीके से साफ न किया जाए, तो पेंट पर पक्के दाग पड़ सकते हैं. अपनी गाड़ी को नया जैसा बनाए रखने के लिए रंगों को तुरंत साफ करना जरूरी है. ऐसे में आइए जानते हैं कि किन घरेलू उपायों से इन जिद्दी दागों को मिटा सकते हैं.
गाड़ी में लगे सूखे और हल्के रंग को कैसे हटाएं?
अगर गाड़ी पर सूखा गुलाल या हल्का रंग लगा है, तो उसे तुरंत पानी से धो लें ताकि रंग की ऊपरी परत निकल जाए. इसके बाद गुनगुने पानी और हल्के डिटर्जेंट के घोल में स्पंज भिगोकर सावधानी से सफाई करें. ध्यान रखें कि जोर से रगड़ने पर पेंट पर स्क्रैच पड़ सकते हैं. अंत में साफ पानी से धोकर माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछ लें ताकि गाड़ी चमक उठे.
गहरे रंग हटाने के लिए कौन सा घरेलू उपाय करें?
अगर रंग जिद्दी है और आसानी से नहीं छूट रहा, तो बेकिंग सोडा और पानी का गाढ़ा पेस्ट दाग पर 15-20 मिनट लगाकर हल्के हाथों से साफ करें. इसके अलावा, पानी और विनेगर का बराबर मिश्रण भी स्प्रे के तौर पर काफी असरदार होता है. ज्यादा गहरे दागों के लिए आप रबिंग अल्कोहल या नॉन-जेल टूथपेस्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन सलाह है कि पूरे पेंट को नुकसान से बचाने के लिए इसे पहले एक छोटे हिस्से पर टेस्ट जरूर कर लें.
ये भी पढ़ें-Holi 2026: होली के जिद्दी रंगों से घबराएं नहीं, इन 6 घरेलू उपायों से वापस पाएं चेहरे का निखार
रंग छुड़ाते समय इन बातों का ध्यान रखें
गाड़ी के गहरे दाग हटाने के लिए बाजार में मिलने वाले खास कार क्लीनर का इस्तेमाल किया जा सकता है, बस इस्तेमाल से पहले उन पर लिखे निर्देश जरूर पढ़ लें. हमेशा सॉफ्ट स्पंज या माइक्रोफाइबर कपड़े का ही प्रयोग करें और पेंट को नुकसान पहुंचाने वाले सख्त केमिकल या खुरदरे कपड़ों से बचें. वहीं अगर दाग बहुत पक्का हो और घर पर साफ न हो रहा हो, तो पेंट की सुरक्षा के लिए किसी प्रोफेशनल ऑटो डिटेलर की मदद लेना सबसे सुरक्षित रहता है.