Lauki Pakora Recipe: बारिश के मौसम में गरमागरम पकौड़े खाने का मजा ही अलग होता है. इस मौसम में ज्यादातर घरों में प्याज और आलू के पकौड़े बनाए जाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ अलग और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं तो इस बार लौकी के पकौड़े जरूर बनाएं. लौकी के पकौड़े स्वाद में लाजवाब होने के साथ बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं. इन्हें बेसन, चावल के आटे या सूजी और कुछ हल्के मसालों की मदद से आसानी से तैयार किया जा सकता है. चाय के साथ गरमागरम लौकी के पकौड़े बारिश के मौसम का मजा और भी बढ़ा देंगे. आइए जानते हैं इन्हें बनाने की आसान रेसिपी और इसके लिए किन चीजों की जरूरत होगी.
लौकी के पकौड़े बनाने के लिए जरूरी चीजें
- 1 मीडियम साइज की लौकी
- 1 कप बेसन
- 2 बड़े चम्मच चावल का आटा या सूजी
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
- ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- ½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- ½ छोटा चम्मच जीरा
- ½ छोटा चम्मच सौंफ
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- स्वादानुसार नमक
- पकौड़े तलने के लिए तेल
ये भी पढ़ें-रोज-रोज साबूदाना खाकर हो गए बोर? सावन व्रत में ट्राई करें आलू-सिंघाड़े की कढ़ी
लौकी के पकौड़े बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर उसका छिलका उतार लें. इसके बाद दोनों सिरों को काटकर लौकी को पतले गोल टुकड़ों में काट लें. आप चाहें तो लौकी को कद्दूकस करके भी पकौड़े बना सकते हैं.
- अब कटे हुए लौकी के टुकड़ों को हल्के नमक वाले पानी में करीब 5 मिनट के लिए डालकर रखें. इसके बाद इन्हें पानी से निकालकर कुछ देर अलग रख दें, ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए.
- एक बड़े बाउल में बेसन और चावल का आटा या सूजी डालें. इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा, सौंफ और स्वादानुसार नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
- अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि बैटर बहुत ज्यादा पतला न हो. आखिर में इसमें बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर मिला दें.
- इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें. लौकी के एक-एक टुकड़े को तैयार बैटर में अच्छी तरह लपेटें और गर्म तेल में डाल दें. पकौड़ों को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
- जब पकौड़े अच्छी तरह फ्राई हो जाएं तो उन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए. अब गरमागरम लौकी के पकौड़ों को हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व करें.
- बारिश के मौसम में चाय के साथ कुरकुरे लौकी के पकौड़े परिवार के साथ इस मौसम का स्वाद लेने का एक बढ़िया ऑप्शन हैं.
