Indore: इंदौर में 10 हजार युवाओं की नशा विरोधी वॉक, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम
नशा विरोधी वॉक इंदौर
Indore News: इंदौर में नशा उन्मूलन के संदेश के साथ आयोजित यूथ वॉक-2026 ने विश्व स्तर पर पहचान बना ली है. 8 फरवरी 2026 को हुए इस कार्यक्रम में करीब 10 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया, जिसके चलते इसका नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (लंदन) में दर्ज किया गया. आयोजकों का दावा है कि इस अभियान में कुल मिलाकर 20 हजार से अधिक लोग शामिल हुए.
3 किलोमीटर लंबी रही वॉक
करीब 3 किलोमीटर लंबी यह वॉक सुबह 9 बजे नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई. आयोजन के संयोजक रुद्राक्ष गोलू शुक्ला ने बताया कि इस पहल का मकसद युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाना है. उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम जरूरी हैं.
कार्यक्रम में शामिल हुए
इस कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव, बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. अपने संबोधन में खगेंद्र भार्गव ने कहा कि भारत की लगभग आधी आबादी युवा है और देश के युवाओं को नशे की ओर धकेलने की साजिशें भी हो रही हैं, इसलिए उन्हें सजग रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए.
गोलू शुक्ला ने युवाओं को बताया देश की सबसे बड़ी ताकत
वहीं, विधायक गोलू शुक्ला ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें तो भारत को विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता. उन्होंने इस आयोजन को सकारात्मक बदलाव की दिशा में अहम कदम बताया.
कार्यक्रम के लिए 25 हजार युवओं ने किया पंजीयन
इस कार्यक्रम के लिए करीब 25 हजार युवाओं ने पंजीयन कराया था. प्रतिभागियों को आयोजन स्थल पर टी-शर्ट और कैप भी वितरित की गईं. वॉक नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर जीपीओ, छावनी, मधु मिलन, एमवाय और शिवाजी वाटिका मार्ग से होते हुए फिर से नेहरू स्टेडियम पर समाप्त हुई, जिसमें शहर के कई स्कूलों, कॉलेजों और एकेडमियों के युवा शामिल हुए.
ये भी पढे़ं- ‘लगातार दौड़ाने पर व्यक्ति अवकाश पर चला जाता है’, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा बोले- MLA प्रदीप पटेल जल्द वापस लौटेंगे