2 महीने की मासूम को दुर्लभ जानलेवा बीमारी, साढ़े 9 करोड़ के इंजेक्शन की जरूरत, मां ने प्रधानमंत्री से लगाई गुहार
2 महीने की मासूम को 9.40 करोड़ के इंजेक्शन की जरूरत.
MP News: मध्य प्रदेश के मंदसौर में केवल 2 महीने की मासूम एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही है. इस बीमारी का नाम स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) है. इस बीमारी को ठीक करने के लिए 9 करोड़ 40 के इंजेक्शन की जरूरत है. बेहद साधारण परिवार में जन्मी इस बच्ची के माता-पिता ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मदद की गुहार लगाई है.
सांस लेने और सिर हिलाने में भी होती है दिक्कत
पूरा मामला मंदसौर के गरोठ कस्बे का है. यहां एक परिवार में तीन सालों तक मन्नतें मांगने के बाद परिवार में एक प्यारी सी बच्ची का जन्म हुआ. माता-पिता ने बड़े ही प्यार से मासूम का नाम सृष्टि रखा. लेकिन कुछ ही दिनों बाद बच्ची को सांस लेने में दिक्कत होने लगी. इसके बाद घरवालों ने शृष्टि को कई डॉक्टर्स के पास दिखाया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. जिसके बाद घर वाले बच्ची को जयपुर ले गए जहां डॉक्टर्स ने बताया कि मासूम को स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) नाम की दुर्लभ बीमारी हो गई है. इस बीमारी के कारण बच्ची को दूध पीने और सांस लेने में भी दिक्कत होती है. यहां तक कि बच्ची को सिर हिलाने में भी परेशानी होती है.
डॉक्टर ने बताया कि ये ऐसी बीमारी है, जिसका इलाज भारत में कोई डॉक्टर नहीं कर सकता. इस बीमारी को ठीक करने के लिए जिस इंजेक्शन की जरूरत है, वो अमेरिका से आएगा और इसकी कीमत 9 करोड़ 40 लाख है.
मासूम के लिए सभी मांग रहे दुआएं
2 महीने की सृष्टि के लिए पूरा कस्बा दुआएं मांग रहा है. मासूम की तकलीफों को देखकर हर किसी का दिल पसीज जाता है. लेकिन कोई कुछ भी करने में समर्थ नहीं है. सृष्टि के पिता की पंचर की दुकान है. पिता गौरव सोनी गरोठ गुमटी में ही पंचर की दुकान चलाते हैं. परिवार की माली हालत ठीक नहीं है. ऐसे में माता-पिता के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बस वो इतना चाहते हैं कि उनकी 2 महीने सृष्टि ठीक हो जाए और इस शृष्टि में सही से सांस ले पाए.
मां ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से लगाई गुहार
मासूम की मां पूजा सोनी ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रधानमंत्री मोदी से मदद की गुहार लगाई है. पूजा ने बताया कि बच्ची हाथ-पैर भी नहीं हिला पाती है. डॉक्टर्स का कहना है कि इस बीमारी में मांसपेशियां काम करना बंद कर देती हैं. सृष्टि को SMA टाइप 1 है. इस बीमारी को ठीक करने के लिए Zolgensma नाम के इंजेक्शन की जरूरत है. जो कि अमेरिका से आएगा.
डॉक्टर्स का कहना है कि अगर जल्द ही इंजेक्शन का इंतजाम नहीं किया गया तो बच्ची की मांसपेशियां काम करना बंद कर देंगी. सृष्टि के माता-पिता स्थानीय प्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं से मदद मांग रहे हैं, कि किसी भी तरह सहयोग से मासूम की जिंदगी को बचाया जा सके और वो इस दुनिया में खुलकर सांस ले सके.