MP में जल्द चलेंगी 5 नई वंदे भारत ट्रेन, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बूस्टर डोज; जानिए किन शहरों से होकर गुजरेगी
File Photo
MP News: मध्य प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है. अब जल्द ही 5 नई वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू होगा. इनकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं. अंतिम मंजूरी मिलते ही तैयारियां पूरी करके ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. इनमें से दो ट्रेनों की घोषणा की जा चुकी है, जबकि 3 अन्य वंदे भारत ट्रेनों के संचालन का औपचारिक ऐलान होना बाकी है.
भोपाल मंडल से दो वंदे भारत ट्रेनें चलेंगी
भोपाल मंडल से दो वंदे भारत ट्रेन की घोषणा की जा चुकी है. अंतिम मंजूरी मिलते ही इनका संचालन शुरू हो जाएगा. इनमें एक ट्रेन भोपाल से लखनऊ जाएगी. भोपाल से लखनऊ तक जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में 20 कोच होंगे. इसमें चेयरकार और एग्जीक्यूटिव क्लास होंगी. बताया जा रहा है कि ट्रेन की स्पीड लगभग 180 किलोमीटर प्रतिघंटे की होगी. ये ट्रेन भोपाल से लखनऊ की दूरी को 7 से 8 घंटे में पूरी कर लेगी.
वहीं दूसरी ट्रेन जो भोपाल से पटना तक जाएगी, इसका नाम अमृत भारत ट्रेन होगा होगा. हालांकि इसमें लेटकर जाने की व्यवस्था होगी. इस ट्रेन में स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी के कोच भी होंगे.
3 वंदे भारत ट्रेनों को लेकर जल्द हो सकता है ऐलान
वहीं 3 अन्य वंदे भारत ट्रेनों को लेकर भी रोडमैप बना लिया गया है. हालांकि अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है. बताया जा रहा है कि इन तीन वंदे भारत ट्रेनों की संभावित ऐलान भी बहुत जल्द होने वाला है. इनमें इंदौर-भोपाल-जबलपुर वंदे भारत स्लीपर, जबलपुर- गोंदिया-चांदा फोर्ट और भोपाल से ओरछा के लिए वंदे भारत ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है.
बता दें कि भोपाल से पहले से ही 5 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इनमें भोपाल से दिल्ली के लिए रानी कमलापति- हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत, इंदौर-नागपुर वंदे भारत, भोपाल-रीवा वंदे भारत, खजुराहो- बनारस वंदे भारत, खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदेभारत ट्रेन शामिल हैं. वहीं 5 नई वंदे भारत ट्रेन चलने से यात्रियों को सुविधा तो होगी ही, साथ ही मध्य प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगी. पिछले कुछ सालों में मध्य प्रदेश में रेल नेटवर्क में तेजी से विस्तार हुआ है. इसी क्रम में कई नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है.