Mauganj: MP में आधी रात चली तबादला एक्सप्रेस, मऊगंज को मिला मेडलधारी नया कप्तान! जानें कौन हैं जिले के नए SP
मऊगंज एसपी
Mauganj News: मध्य प्रदेश में शनिवार देर रात उस वक्त सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई, जब सरकार ने एक साथ 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए. इस बड़े फेरबदल ने प्रदेश की पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा भर दी है. कई जिलों में पुलिस नेतृत्व बदला गया, जिससे कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की रणनीति साफ नजर आ रही है.
मऊगंज को मिले नया एसपी
इस तबादला सूची में मऊगंज भी प्रमुख रूप से शामिल रहा. यहां के पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी को आगर मालवा स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि सुरेंद्र कुमार जैन को मऊगंज का नया एसपी नियुक्त किया गया है. नए कप्तान के आगमन से जिले में पुलिसिंग के नए तेवर देखने की उम्मीद जताई जा रही है.
मेडलधारी अफसर पर टिकी उम्मीदें
नवागत एसपी सुरेंद्र कुमार जैन को पुलिस विभाग में एक सख्त और परिणाम देने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है. उन्हें 15 अगस्त 2024 को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए ‘भारतीय पुलिस मेडल’ से सम्मानित किया जा चुका है. उनकी कार्यशैली अनुशासन, पारदर्शिता और प्रभावी कार्रवाई के लिए पहचानी जाती है.
शैक्षणिक और पेशेवर उपलब्धियां
सुरेंद्र कुमार जैन मूलतः राहतगढ़ के निवासी हैं और उन्होंने डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से ऑर्गेनिक केमिस्ट्री में एमएससी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है. इसके साथ ही उन्होंने राज्य पुलिस सेवा परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. वे रीवा के पीटीएस में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
अनुभव से मजबूत होगी कानून-व्यवस्था!
अपने करियर में डीएसपी, एडिशनल एसपी और एसपी जैसे अहम पदों पर कार्य करते हुए जैन ने कई जिलों में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया है. अब मऊगंज में उनकी नियुक्ति को लेकर आम जनता और प्रशासन दोनों को उम्मीद है कि अपराध पर सख्त लगाम लगेगी और पुलिसिंग में नई धार देखने को मिलेगी.
रणनीतिक बदलाव या सख्त संदेश?
यह तबादला एक्सप्रेस महज प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नए एसपी के नेतृत्व में मऊगंज पुलिस किस तरह अपराधियों पर शिकंजा कसती है और कानून का राज मजबूत करती है.
ये भी पढ़ें: स्कूल शिक्षा भर्ती में 10 साल बाद नियमों में बदलाव, संविदा टीचर्स को 50 परसेंट आरक्षण, EWS को भी 10 % रिजर्वेशन