सड़क पर महिला सफाईकर्मी पर फेंका 55 किलो का पार्सल, कंधे-पसलियों में फ्रैक्चर, झाडू़ लगाने के लिए बस हटाने को कहा था

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ये गलती नहीं लगती है, बल्कि जानबूझकर हत्या की कोशिश की गई है. जो कि एक गंभीर अपराध है.
A 55 kg parcel was thrown at a female sanitation worker who was sweeping the road.

सड़क पर झाडू लगा रही महिला सफाईकर्मी पर 55 किलो का पार्सल फेंका.

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में नगर निगम की एक महिला सफाई कर्मचारी को बस को आगे बढ़ाने की बात कहना बहुत भारी पड़ गया. महिला ने सड़क पर झाड़ू लगाते समय सफाई करने के लिए कंडक्टर से बस को आगे करने की बात कही. इसके बाद बस कंडक्टर और उसमें लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले कर्मचारी को ये इनता नागवार गुजरा कि उन्होंने बस की छत से महिला के ऊपर 55 किलो का पार्सल फेंक दिया. जिसमें महिला के कंधे और पसलियां बुरी तरह से फ्रैक्चर हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह गंभीर रूप से घायल महिला सफाईकर्मी को अस्पताल पहुंचाया.

घटना के बाद मौके से भाग गए आरोपी

पूरा मामला मल्हारगंज थाना क्षेत्र के राज मोहल्ला इलाके का है. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह नगर निगम की महिला कर्मचारी सुनीता बाली सड़क पर झाड़ू लगा रही थी. जबकि सड़क के किनारे ही एक स्लीपर बस खड़ी थी. बस की छत पर पार्सल लदा था. सुनीता ने बस कंडक्टर से कहा कि अभी वह सफाई कर रही है, इसलिए बस आगे कर लो और पार्सल मत गिराना. लेकिन जिसको लेकर दोनों के बीच बहस हो गई. इसके बाद सुनीता अपना काम करने लगी. लेकिन तभी सुनीता के ऊपर एक बड़ा पार्सल गिरा. जिसमें सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गई. आसपास के लोगों में भी घटना को देखने के बाद हड़कंप मच गया. वहीं घटना के बाद आरोपी बस ड्राइवर बस लेकर मौके से फरार हो गया. हालांकि मौके पर मौजूद लोगो ने किसी तरह महिला को अस्पताल पहुंचाया. जिससे उसकी जान बच पाई. बताया जा रहा है कि पार्सल को जब तौला गया तो उसका वजन 55 किलो से ज्यादा था.

‘हंस चाल’ से पहचान करके पकड़े गए आरोपी

वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों ने पूछताछ शुरू की. इस दौरान आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी. हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिस बस के ऊपर से महिला कर्मचारी पर भारी पार्सल फेंका गया था, उस बस के पीछे हंस चाल लिखा था. इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले. तो बस का पता चला. इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी ड्राइवर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस ने बताया गंभीर अपराध, हत्या की कोशिश का केस दर्ज

मल्हारगंज थाना पुलिस का कहना है कि मामले में तीन आरोपियों ड्राइवर संजय कछावा, कंडक्टर आकाश भाबर और बस पर ही काम करने वाले एक और कर्मचारी तुषार भाबर को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ये गलती नहीं लगती है, बल्कि जानबूझकर हत्या की कोशिश की गई है. जो कि एक गंभीर अपराध है. फिलहाल पुलिस ने हत्या की कोशिश करने के मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें: PM मोदी की अपील का असर, MP लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष ई-रिक्शा से शपथ लेने पहुंचे

ज़रूर पढ़ें