ऑनलाइन फूड डिलीवरी की लत ने इंदौर को बनाया चटोरा! रोजाना 40 करोड़ से ज्यादा खाने के ऑर्डर का कारोबार
सांकेतिक तस्वीर.
Indore Online Food Delivery: मध्य प्रदेश के इंदौर में लोग खाने-पीने के शौकीन है. यहां का पोहा तो प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में मशहूर है. लेकिन ऑनलाइन फूड डिलीवरी की लत ने इंदौर के लोगों को कुछ ज्यादा ही चटोरा बना दिया है. इंदौर में इस हद तक लोग ऑनलाइन फूड डिलीवरी कर रहे हैं कि खाने का ऑनलाइन कारोबार एक दिन में 40 करोड़ रुपये से ज्यादा तक पहुंच गया है.
20 घंटे से ज्यादा समय तक होटलों में फूड तैयार
ऑनलाइन फूड डिलीवरी का असर इतना ज्यादा है कि लोग लगातार ऑनलाइन खाना मंगवा रहे हैं. जब भी मन हुआ ऑनलाइन ऑर्डर कर दिया. जिसके कारण 20 घंटे से ज्यादा समय तक होटलों में फूड तैयार किया जा रहा है. इस कारण रेस्टोरेंट में आकर खाने वाले लोगों का कारोबार प्रभावित हुआ है. रेस्टोरेंट पर जाकर खाना खाने वाले लोगों में कमी आने के कारण रेस्टोरेंट के कामकाज में करीब 5 फीसदी कमी आई है.
80 फीसदी युवा ऑनलाइन फूड को दे रहे प्राथमिकता
रेस्टोरेंट से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि 80 फीसदी युवा ऑनलाइन फूड डिलीवरी को प्राथमिकता दे रहे हैं. पहले लोग वीकेंड पर फैमिली के साथ रेस्टोरेंट पर जाते थे. लेकिन अब ऐसे परिवारों की संख्या कम होती जा रही है. लोग बाहर जाकर खाना लाने से बचते दिख रहे हैं. ऑनलाइन में सहूलियत होती है. 24 घंटे में कभी भी खाना डिलीवर हो जाता है. हालांकि ऑनलाइन में वेज फूड की डिमांड ज्यादा है. नॉनवेज फूड ऑनलाइन कम ऑर्डर होता है.
ऑनलाइन खाने पर निर्भरता है रिस्की
आज के दौर में युवा अपने घर से दूर पढ़ाई और नौकरी के लिए बाहर रहते हैं. ऐसे में वे घर पर खाना बनाने के बजाय बाहर के खाने पर डिपेंड रहते हैं. स्मार्ट फोन से ऑनलाइन फूड डिलीवरी आसान होती है. इसलिए युवाओं को जब भी कुछ खाने का मन होता है, वो फौरन ऑनलाइन ऑर्डर कर देते हैं.
हालांकि लगातार ऑनलाइन खाने की डिलीवरी का स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है. हमको पता ही नहीं चलता है कि खाने में किस तरह की सामग्री इस्तेमाल की जा रही है.