MP News: चरित्र शंका ने ली जान, पति ने पत्नी पर किया हमला, फिर खुद लगाई फांसी
सांकेतिक इमेज
इनपुट-पीयूष शर्मा
MP News: बागोद चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम सुरपाला में बुधवार को एक खेत के बाड़े में पति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़पती पाई गई. आशंका जताई जा रही है कि चरित्र शंका के चलते पति ने पहले पत्नी पर जानलेवा हमला किया और उसे मृत समझकर खुद भी जान दे दी.
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बोरठ (थाना भीकनगांव) निवासी भूरेसिंह पिता नवलसिंह अपनी पत्नी हारूबाई उर्फ संगीता के साथ पिछले दो वर्षों से ग्राम सुरपाला में जितेंद्र परिहार के खेत पर मजदूरी का काम कर रहा था. बताया जा रहा है कि भूरेसिंह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिसके कारण आए दिन दोनों के बीच विवाद होता रहता था. इसी विवाद के चलते खेत मालिक ने 24 अप्रैल को दोनों को काम से हटा दिया था.
फंदे से लटका हुआ मिला शव
मंगलवार रात दोनों अपना बचा हुआ सामान लेने के लिए वापस खेत पर आए थे और रात में बाड़े में ही रुके थे. बुधवार को जब अन्य मजदूरों ने बाड़े का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला. फिर बड़े गेट को जब खोलकर देखा तो भूरेसिंह का शव टीन शेड पर रस्सी के फंदे से लटका हुआ था, वहीं संगीताबाई बाड़े में रखे सरियों पर गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में पड़ी थी.
घायल पत्नी को अस्पताल पहुंचाया गया
घटना की सूचना मिलते ही बागोद चौकी प्रभारी हरिशंकर पांटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल घायल संगीता को बड़वाह सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया है. संगीता के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस ने भूरेसिंह के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
मामले की जांच की जा रही है
चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों अपने पूर्व के जीवनसाथियों को छोड़कर एक-दूसरे के साथ रह रहे थे. उनके बीच अक्सर विवाद होता था. बीती रात असल में क्या हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी संगीता के होश में आने के बाद ही मिल पाएगी. फिलहाल मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है.