Indore: इंदौर में रंगपंचमी गैर से पहले प्रशासन ने दिया अतिक्रमण हटाने के निर्देश, सुरक्षा और मंचों पर पुलिस रखेगी कड़ी नजर
रंगपंचमी गैर को लेकर प्रशासन सख्त
Indore News: इंदौर में रंगपंचमी के मौके पर निकलने वाली रंगारंग गैर को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में हैं. गैर से पहले कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर और महापौर ने पूरे गैर मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि गैर मार्ग पर किसी भी तरह की बाधा, अवैध निर्माण और लटकते बिजली के तार बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. मंचों के आकार को लेकर भी इस बार सख्ती बरती जाएगी. वहीं, गैर के दौरान शरारती तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी.
प्रशासन ने दिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश
इंदौर की ऐतिहासिक रंगारंग गैर को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. गैर मार्ग का सामूहिक निरीक्षण कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया. निरीक्षण के दौरान गैर मार्ग में बाधक निर्माण, अतिक्रमण और नीचे लटकते बिजली के तारों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए.
अधिकारियों ने साफ किया कि गैर मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित होना चाहिए, ताकि हजारों की संख्या में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इस बार गैर मार्ग पर लगाए जाने वाले मंचों के आकार पर भी प्रशासन सख्ती करेगा. तय मानकों से बड़े मंचों को अनुमति नहीं दी जाएगी.
शरारती तत्वों पर कड़ी नजर
वहीं, इस बार की गैर को लेकर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक और शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. कुछ वर्ष पहले गैर के दौरान हुई चप्पल फेंकने जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.
मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल को दिया जाएगा आमंत्रण
वहीं, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रंगपंचमी की गैर में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव और पूरे मंत्रिमंडल को आमंत्रित किया जाएगा. उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष रंगपंचमी के गैर उत्सव में मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं शामिल हुए थे, जिससे आयोजन को विशेष गरिमा मिली थी.
ये भी पढे़ं- MY अस्पताल में मस्जिद की बाउंड्री वॉल पर बुलडोजर एक्शन, 30 हजार स्क्वायर फीट जमीन पर था काब्जा