भोपाल में 12वीं की छात्रा ने भभूत समझकर खाया जहर, 15 दिनों बाद तोड़ा दम, बोर्ड एग्जाम देनी वाली थी
भोपाल: 12वीं की छात्रा ने भभूत समझकर खाया जहर, हुई मौत
MP News: मध्य प्रदेश के भोपाल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने भभूत समझकर जहर खा लिया. लगभग 15 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद युवती ने दम तोड़ दिया. छात्रा का इलाज हमीदिया अस्पताल में चल रहा था.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ईटखेड़ी के लांबाखेड़ा में रहने वाली 17 साल की वैष्णवी सेन के परिजनों ने बताया कि 26 जनवरी 2026 को चूहों से परेशान होकर मां ने मंदिर के पास चूहामार दवा का पाउडर रख दिया. पूजा करने के बाद वैष्णवी ने भभूत समझकर उसे माथे पर लगाया और इसके साथ ही प्रसाद की तरह ग्रहण कर लिया.
छात्रा की तबीयत बिगड़ती गई
चूहामार दवा खाने के बाद छात्रा वैष्णवी कोचिंग चली गई. जहां उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे उल्टियां आने लगीं. जब वह घर लौटी तो उसकी मां ने उससे दवा की पुड़िया के बारे में पूछा तो पूरी सच्चाई सामने आ गई. आनन-फानन में वैष्णवी को भानपुर स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और वैष्णवी को छुट्टी दे दी गई. परिजनों को लगा कि खतरा टल गया है. जहर का असर कम हुआ लेकिन धीरे-धीरे असर कर रहा था.
ये भी पढ़ें: MP Board Exam: आज से 12वीं बोर्ड के एग्जाम, जानिए परीक्षा में किन चीजों को ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध
तीन दिन पहले फिर बिगड़ी तबीयत
कुछ दिनों तक आराम मिलने के बाद वैष्णवी की तबीयत फिर बिगड़ने लगी. तीन दिन पहले युवती की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज अनुभवी डॉक्टर्स ने शुरू किया. जहर की वजह से उसके अंगों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंच चुका था. सोमवार (10 फरवरी) को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, आगे की जांच की जा रही है.