Vistaar NEWS

इंजेक्शन से किया नशा, अब HIV पॉजिट‍ि‍व… विदिशा में 11 युवकों में फैला संक्रमण

Vidisha Hospital

चिकित्सालय विदिशा

MP News: मध्य प्रदेश के विदिशा में इंजेक्शन के जरिए नशा करने वाले 11 युवकों में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच ये मामले सामने आए हैं. संक्रमण की पुष्टि के बाद संबंधित युवकों का इलाज शुरू कर दिया गया है. वहीं, इंजेक्शन से नशा करने वाले लोगों को चिह्नित करने और संक्रमण के प्रति जागरूक करने के लिए विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है.

बताया जा रहा है कि विदिशा जिले में करीब 300 इंजेक्शन से नशा करने वाले लोग पंजीकृत हैं. ऐसे में इस्तेमाल की गई सिरिंज को दोबारा साझा करना संक्रमण फैलने का गंभीर खतरा बन सकता है.

नशे की लत बन रही गंभीर चुनौती

विदिशा में नशे की लत अब युवाओं की सेहत के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है. स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 तक इंजेक्शन के जरिए नशा करने वाले 11 युवकों में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई है. सभी संक्रमित युवकों का उपचार शुरू कर दिया गया है और विभाग ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में जुटा है.

300 लोगों को किया पंजीकृत

परियोजना के आंकड़ों के अनुसार, विदिशा जिले में करीब 300 इंजेक्शन के जरिए नशा करने वाले लोग पंजीकृत हैं. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, नशे के दौरान एक ही सिरिंज का इस्तेमाल कई लोगों द्वारा किया जाना HIV संक्रमण फैलने की प्रमुख वजहों में से एक हो सकता है. नशे की लत के कारण कुछ लोगों को नई सिरिंज आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे जोखिम और बढ़ जाता है.

स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने दी सलाह

स्वास्थ्य विभाग लोगों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने, इस्तेमाल की गई सिरिंज साझा नहीं करने और समय पर HIV जांच कराने के लिए जागरूक कर रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर जांच और नियमित एंटीरेट्रोवायरल उपचार से HIV संक्रमित व्यक्ति भी बेहतर जीवन जी सकता है.

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग का फोकस संक्रमित युवकों के उपचार, जोखिम वाले लोगों की पहचान और जागरूकता अभियान पर है. जरूरत है कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को समय पर चिकित्सा सहायता और परामर्श मिले, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके.

ये भी पढे़ं- Raisen: ‘आयुष्मान’ की आड़ में पैसों का खेल, मजदूर को 15 दिन तक बनाया बंधक, जबरन दांत निकाले, 20000 मांगे

Exit mobile version