भाेपाल में शुरू हुई AC ई-बसें, पहले ही दिन 2 हजार से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर, BCLL को मिला 25 हजार का राजस्व
भोपाल में शुरू हुई ई-बसें
Bhopal News: राजधानी भोपाल में 10 दिन के ट्रायल के बाद गुरुवार से नई एयर कंडीशंड इलेक्ट्रिक बसों का नियमित संचालन शुरू हो गया. पहले ही दिन दो रूटों पर चल रही 10 ई-बसों में 2 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया.
इससे भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) को 25 हजार रुपए से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ. फिलहाल इन बसों का किराया लो-फ्लोर बसों के बराबर रखा गया है, ताकि यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े.
पहले चरण में दो रूटों पर संचालन
अभी पहले चरण में ई-बसों का संचालन भैंसाखेड़ी (चिरायु अस्पताल) से बैरागढ़ चिचली और चिरायु अस्पताल से रेलवे कोच फैक्ट्री रूट पर किया जा रहा है. भोपाल को पहले चरण में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं, जिनमें से 21 बसें बैरागढ़ डिपो पहुंच चुकी हैं. आने वाले समय में इनके संचालन का दायरा और बढ़ाया जाएगा.
यात्रियों को मिला आरामदायक सफर का अनुभव
पहले दिन यात्रियों को इन बसों में सफर का अलग ही अनुभव मिला. बोर्ड ऑफिस से रेलवे कोच फैक्ट्री तक करीब 31 मिनट की यात्रा के दौरान बस पूरी तरह शांत रही. डीजल बसों की तरह न तेज आवाज सुनाई दी और न ही कंपन महसूस हुआ. एसी की सुविधा और आरामदायक सीटों ने सफर को और भी सुखद बना दिया. यात्रियों का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों में यात्रा पहले की तुलना में अधिक आरामदायक और सुविधाजनक लगी.
सुरक्षा और सुविधाओं से लैस हैं नई ई-बसें
नई ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है. बसों के अंदर सात हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे. महिलाओं सहित सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन की व्यवस्था की गई है, जिससे आपात स्थिति में चालक और कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना भेजी जा सके. इसके अलावा एलईडी डिस्प्ले पर अगले स्टॉप और जरूरी जानकारियां दिखाई देती रहेंगी.
दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर लिफ्ट भी उपलब्ध कराई गई है. टिकट के भुगतान के लिए नकद के साथ ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी दी गई है. पहले दिन बोर्ड ऑफिस से रेलवे कोच फैक्ट्री तक का किराया 24 रुपए, जबकि वापसी में यही सफर 19 रुपए में तय किया गया.
ये भी पढे़ं- भोपाल की सड़कों पर दौड़ी AC ई-बसें, 3 रूट पर सफर शुरू, जानिए कितना है किराया