Ratlam and Singrauli Airport: मध्य प्रदेश में हवाई सेवाओं को विस्तार मिलने जा रहा है. राज्य सरकार केंद्र के साथ ‘उड़े देश का आम नागरिक- UDAN’ योजना के तहत MoU करने जा रहा है. ये करार विमानन विभाग और राज्य सरकार के बीच मंगलवार (22 सितंबर) को होगा. इसका उद्देश्य क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ाना है.
सिंगरौली-रतलाम में बनेंगे एयरपोर्ट
इस स्कीम के तहत केंद्र मध्य प्रदेश को 100 करोड़ रुपये की सहायता राशि देगा. इससे राज्य में हवाई सेवाओं को विस्तार मिलेगा. सिंगरौली और रतलाम में एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे. नए हवाई अड्डे बनाने के लिए सरकार निशुल्क भूमि उपलब्ध कराएगी. पिछली बार केंद्र की ओर से प्रदेश को 45 करोड़ रुपये की राशि मिली थी.
पहले चरण में 5 एयरपोर्ट विकसित होंगे
मध्य प्रदेश में पहले चरण में 10 हवाई पट्टियों को एयरपोर्ट में बदलने का प्रस्ताव है. इसमें सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल शामिल हैं. सबसे पहले सिंगरौली और रतलाम में हवाई अड्डे विकसित किए जाएंगे. वर्तमान में शिवपुरी और उज्जैन में नए एयरपोर्ट के लिए निर्माण कार्य चल रहा है.
मध्य प्रदेश में इंदौर (देवी अहिल्याबाई होल्कर हवाई अड्डा), भोपाल (राजा भोज एयरपोर्ट), जबलपुर (डुमना हवाई अड्डा), ग्वालियर (विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट), खजुराहो, रीवा और दतिया में एयरपोर्ट है. सिंगरौली और रतलाम में एयरपोर्ट बनने के बाद मध्य प्रदेश में हवाई अड्डों की संख्या 9 हो जाएगी, जहां से फ्लाइट का ऑपरेशन होगा.
ये भी पढ़ें: दिवाली-छठ पर घर जाना होगा आसान, MP से 10 राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेनें, यहां देखें पूरी लिस्ट
उज्जैन में सिंहस्थ से पहले हवाई अड्डा
साल 2028 में सिंहस्थ कुंभ होने वाला है. इसके लिए राज्य सरकार तैयारियों में जुटी हुई है. इस धार्मिक कार्यक्रम में देश और विदेश से लाखों श्रद्धालु जुटने वाले हैं. उज्जैन में एयरपोर्ट विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए पर्यावरणीय मंजूरियां मिल चुकी हैं. इसे कुंभ मेले से पहले विकसित करने की तैयारी की जा रही है.
