MP में 25 लाख घरेलू उपभोक्ताओं पर मंडराया LPG सिलेंडर का संकट! 23 अगस्त तक e-KYC जरूरी
एलपीजी गैस सिलेंडर
MP News: मध्य प्रदेश में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए 23 अगस्त की तारीख महत्वपूर्ण हो गई है. आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी करने के लिए अब केवल पांच दिन बचे हैं. प्रदेश में करीब 1.25 करोड़ एलपीजी उपभोक्ताओं में से लगभग 1 करोड़ यानी 80 प्रतिशत का सत्यापन पूरा हो चुका है. करीब 25 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी बाकी है. भोपाल में भी करीब 8 लाख उपभोक्ताओं में से 1.28 लाख लोगों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है.
तेल कंपनियां भेज रहीं लगातार संदेश
तेल कंपनियां लंबित उपभोक्ताओं को एसएमएस के जरिए समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी कराने की अपील कर रही हैं. हालांकि, सत्यापन नहीं कराने पर घरेलू सिलिंडर की डिलीवरी रोकने या सीधे कमर्शियल दर लागू करने को लेकर कोई स्पष्ट लिखित आदेश सामने नहीं आया है. इसके बावजूद कुछ गैस एजेंसी संचालकों के पास बुकिंग रद्द होने और सिलिंडर की डिलीवरी नहीं मिलने की शिकायतें पहुंची हैं. इससे उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
घरेलू और कमर्शियल सिलिंडर के दाम में बड़ा अंतर
भोपाल में करीब 8 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं. इनमें 84 प्रतिशत यानी लगभग 6.72 लाख लोगों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 1.28 लाख उपभोक्ताओं का सत्यापन लंबित है. कंपनियों ने ई-केवाईसी की अंतिम तारीख 23 अगस्त तक बढ़ाई है. राजधानी में 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 947.50 रुपए है, जबकि 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर का दाम 2935 रुपए है. दोनों के बीच करीब 1987 रुपए का अंतर है.
तीन तरीकों से करा सकते हैं ई-केवाईसी
उपभोक्ता घर बैठे इंडियन ऑयल वन ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी कर सकते हैं. इसके अलावा आधार और गैस कनेक्शन से जुड़े दस्तावेज लेकर गैस एजेंसी पहुंचकर भी सत्यापन कराया जा सकता है. सिलिंडर की डिलीवरी के दौरान अधिकृत कर्मचारी की मदद से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. एजेंसी संचालकों के मुताबिक जरूरी दस्तावेज उपलब्ध होने पर ई-केवाईसी में कुछ ही मिनट लगते हैं.
सब्सिडी और पात्रता पर पड़ सकता है असर
तेल कंपनियों की ओर से भेजे जा रहे संदेशों में उपभोक्ताओं को 23 अगस्त तक मुफ्त में ई-केवाईसी पूरी करने की जानकारी दी जा रही है. इसके लिए ऐप, डिस्ट्रीब्यूटर या डिलीवरी कर्मचारी की मदद ली जा सकती है. कंपनियों के अनुसार ई-केवाईसी पूरी नहीं होने तक घरेलू दर पर एलपीजी सिलिंडर पाने की पात्रता और सब्सिडी से जुड़े लाभ प्रभावित हो सकते हैं. ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए अंतिम तारीख से पहले सत्यापन पूरा करना जरूरी है.
ये भी पढे़ं- LPG e-KYC की डेडलाइन हो गई खत्म… अब क्या रद्द हो जाएगा आपका एलपीजी सिलेंडर, जानिए A To Z पूरा अपडेट