भोपाल: अंश के लापता मामले में पुलिस के हाथ लगा बड़ा सुराग, पंजाब जा रही ट्रेन में बैठता हुआ दिखाई दिया मासूम
लापता हुआ मासूम अंश मैना
Bhopal: मंगलवार (16 जून) को भोपाल के बाजपेयी नगर की एक बिल्डिंग से 6 साल का बच्चा अंश मैना लापता हो गया था. इस मामले में परिजनों ने पुलिस में शिकायत की थी जिसके बाद पुलिस बच्चे की तलाश जुट गई थी. हालांकि अभी तक बच्चा मिला नहीं है, लेकिन मामले की जांच-पड़ताल के दौरान के दौरान पुलिस के हाथ अंश को लेकर बड़ा सुराग जरूर लगा है.
ट्रेन में बैठता हुआ दिखाई दिया मासूम
दरअसल पुलिस लगातार अंश की पता खोजने में जुटी हुई थी तभी मासूम अंश ट्रेन में बैठता हुआ दिखाई दिया. अंश को जिस ट्रेन में बैठता हुआ देखा जा रहा है वो ट्रेन पंजाब की ओर जाने वाली पतालकोट एक्सप्रेस बताई जा रही है. इसी के चलते 10 से 12 टीमों को भोपाल से अंश की खोज में रवाना किया गया है. ये टीमें जहां-जहां ट्रेन रुकी है वहां के सीसीटीवी खंगाल रही हैं, ताकि अंश की लोकेशन पता लगाई जा सके. इतना ही नहीं ट्रेन के सभी स्टॉपेज पर सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है.
गंभीर रूप से बीमार है बच्चे की मां
ट्रेन में बैठने के बाद पुलिस को आशंका है कि मासूम कहीं गलत हाथों में ना चला जाए. पुलिस मुताबिक अंश अपने परिवार के साथ बाजपेयी नगर में एक रिहायशी इमारत में रहता है. बच्चे की मां गंभीर रूप से बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं. अंश घर के बाहर खेल रहा था. अचानक वहां से गायब हो गया. इसके बाद परिजनों ने पुलिस में अंश के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी.
प्रशासन ने इनाम किया घोषित
बता दें कि परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जहां अंश खेल रहा था वहां के सीसीटीवी कैमरे खंगाले है. वीडियो रिकॉर्डिंग में एक शख्स बच्चे के साथ दिख रहा है. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है. जिस शख्स को हिरासत में लिया है, वह मानसिक तौर पर अस्वस्थ बताया जा रहा है. अब तक संदिग्ध व्यक्ति से लापता बच्चे के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है. प्रशासन ने इस मामले में इनाम की भी घोषणा कर दी है. जो भी बच्चे के बारे में जानकारी देगा उसे 10 हजार रुपये इनाम दिया जाएगा.