Bhopal: दिवाली से पहले बड़ा एक्शन! बैरसिया में पटाखा फैक्ट्री सील, क्षमता से ज्यादा मिली सामग्री
भोपाल: बैरसिया पटाखा फैक्ट्री सील
Bhopal News: दीवाली से पहले भोपाल जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. बैरसिया स्थित एक पटाखा फैक्ट्री को सील कर दिया गया. यहां भारी अनियमितताएं पायी गईं. इसके साथ ही क्षमता से ज्यादा विस्फोटक सामग्री मिली है.
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
जिला प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम बांदीखेड़ी स्थित पटाखा फैक्ट्री पर कार्रवाई की. बैरसिया SDM शिवांगी बघेल, SDOP वैशाली सिंह, तहसीलदार दुर्गा पटले और गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया. टीम को फैक्ट्री में भारी अनिमितताएं देखने को मिली.
लाइसेंस क्षमता से अधिक विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया था. इसके साथ ही किसी दुर्घटना से बचने के लिए पर्याप्त बंदोस्त नहीं थे. आग से बचाव के लिए व्यवस्था नहीं की थी और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था.
‘आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी’
विस्फोटक अधिनियम 1884 और विस्फोटक नियम 2008 के तहत बैरसिया की पटाखा फैक्ट्री पर कार्रवाई की गई है. अधिकारियों का कहना है कि लोगों को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया है. अव्यवस्था, अनियमितता और नियमों में ढिलाई के कारण फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है.
ये भी पढ़ें: ‘Submit बटन दबाने से आंदोलन नहीं होता’, राहुल गांधी के ‘डिजिटल सत्याग्रह’ पर बोले भाजपा नेता राकेश सिंह
दीवाली से पहले की गई ये कार्रवाई कई मायनों में अहम मानी जा रही है. अफसरों का कहना है कि विस्फोटक सामग्री के निर्माण, परिवहन और भंडारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नियम के अनुसार लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन करने वाले अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे.